प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 फरवरी को 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के बचे हुए हिस्सों का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने 23 किलोमीटर लंबी मेरठ मेट्रो सेवा की भी शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर लंबे सेक्शन को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर के हिस्से और शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ साउथ होते हुए मोदीपुरम तक के मेट्रो सेक्शन का भी उद्घाटन किया।
AI समिट में कांग्रेस के हंगामे पर पीएम मोदी ने कही ये बात
वहीं उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने मेरठ में एक रैली को भी संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता उनसे नफरत करते हैं और उनके खिलाफ लगातार बयान देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, उनकी मां तक को अपमानित करने में कांग्रेस पीछे नहीं रहती।
प्रधानमंत्री ने कहा कि, AI ग्लोबल समिट किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं था। यह बीजेपी का इवेंट नहीं था और उस समय वहां कोई बीजेपी नेता मौजूद नहीं था। उनके अनुसार, यह एक राष्ट्रीय कार्यक्रम था, जो देश के हित में आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे मौके पर राजनीतिक मर्यादा का पालन होना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस ने उस दिन सीमाएं पार कर दीं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की इस तरह की राजनीति की पूरे देश में आलोचना हो रही है।
'डबल इंजन की सरकार के काम करने का तरीका...'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में कहा कि, आज विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की दिशा में एक नई शुरुआत हो रही है। उन्होंने बताया कि पहली बार एक ही मंच से और एक ही दिन में नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिखाता है कि आने वाले समय में विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी। उन्हें खुशी है कि यह महत्वपूर्ण काम उत्तर प्रदेश में पूरा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि आज का कार्यक्रम बीजेपी की “डबल इंजन सरकार” के काम करने के तरीके को दर्शाता है। उनकी सरकार का वर्क कल्चर यह है कि जिस परियोजना का शिलान्यास किया जाता है, उसे समय पर पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत की जाती है।
सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, जब दिल्ली में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब ऐसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे करना आसान नहीं था। उस समय कई परियोजनाएं घोटालों में फंस जाती थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, उनकी सरकार ने न सिर्फ घोटालों पर रोक लगाई है, बल्कि देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि, '2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार बहुत धीमा था। उस समय देश के सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो सेवा चलती थी। जबकि अब बीजेपी सरकार के दौरान 25 से अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन चुका है।'
वहीं मेरठ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, दिल्ली में हुए ग्लोबल AI समिट जैसे बड़े कार्यक्रम ने दुनिया का ध्यान भारत की ओर खींचा। इस कार्यक्रम में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस समिट के दौरान दुनिया के नेताओं ने प्रधानमंत्री के विजन और उसे जमीन पर लागू करने के तरीके की सराहना की। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी डिजिटल इंडिया की सफलता पर विस्तार से बात की। सीएम योगी ने कहा कि भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश ने 1.4 अरब लोगों को डिजिटल पहचान देने का काम किया है, जो दुनिया में किसी और देश ने इस स्तर पर नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की डिजिटल ताकत और मजबूत व्यवस्था को दिखाता है।