तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार शाम नई दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी गांधी परिवार के नेताओं से पहली औपचारिक मुलाकात थी। यह मुलाकात दिल्ली में सोनिया गांधी का आवास 10 जनपथ पर हुई। विजय इन दिनों तीन दिन के दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद हैं।
कांग्रेस के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बड़ी मुलाकात
यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में कांग्रेस के दो विधायकों को विजय सरकार में मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही करीब 59 साल बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की भागीदारी हुई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बैठक में राज्य और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस ने 1967 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद तमिलनाडु की सत्ता से दूरी बना ली थी और अब लंबे समय बाद पार्टी फिर सरकार का हिस्सा बनी है।
नीति आयोग की बैठक में भी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विजय अपने दिल्ली दौरे के दौरान गुरुवार को होने वाली NITI Aayog की गवर्निंग काउंसिल बैठक में भी हिस्सा लेने वाले हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका दूसरा दिल्ली दौरा है।
राष्ट्रपति और अमित शाह से भी मिल सकते हैं
दिल्ली प्रवास के दौरान विजय की मुलाकात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित से भी होने की संभावना है।
विजय की इन बैठकों को तमिलनाडु और राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर कांग्रेस और उनकी सरकार के बीच बढ़ते राजनीतिक तालमेल पर सबकी नजर बनी हुई है।
हाल ही में ऐसे चर्चाएं भी सामने आई है कि कांग्रेस विजय की पार्टी TVK को विपक्षी INDIA गठबंधन में शामिल कराना चाहती है। उस लिहाज से भी ये मुलाकात अहम है।
पिछले दिनों हुई INDIA गठबंधन की बैठक में कांग्रेस की पुरानी साथी DMK ने हिस्सा नहीं लिया था। क्योंकि कांग्रेस ने DMK से गठबंधन तोड़कर विजय को समर्थन देकर तमिलनाडु में सरकार बनवाई।