Chandigarh Highway Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (17 जुलाई) को चंडीगढ़ में 5,278 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन बड़ी नेशनल हाईवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का मकसद चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के ट्राईसिटी इलाके में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करना है।
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, इन परियोजनाओं में 31.23 किलोमीटर लंबे जिरकपुर-कुराली सिक्स-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन, और 10.30 किलोमीटर लंबे चंडीगढ़ एयरपोर्ट-एरोसिटी ग्रीनफील्ड हाईवे और 19.20 किलोमीटर लंबे ज़िरकपुर बाईपास का शिलान्यास शामिल है।
उम्मीद है कि नए हाईवे नेटवर्क से ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। इन हाईवे के बनने से वे वाहन, जो अभी पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जाने के लिए चंडीगढ़ से होकर गुजरते हैं, उन्हें सीधे वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल हर दिन हजारों कमर्शियल वाहन और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोग हाईवे कनेक्टिविटी की कमी के कारण ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में प्रवेश करते हैं। इससे मध्यमार्ग, दक्षिण मार्ग, चंडीगढ़-जीरकपुर रोड और चंडीगढ़-मोहाली व चंडीगढ़-पंचकूला को जोड़ने वाली सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम लग जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि नए ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और बाईपास की वजह से, जिन गाड़ियों को चंडीगढ़ नहीं जाना है, वे शहर में दाखिल हुए बिना ही निकल सकेंगी। इससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा, स्थानीय लोगों के लिए सफर का समय घटेगा और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, UT प्रशासन के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "नए ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और बाईपास से एक सीधा विकल्प मिलने की उम्मीद है, जिससे ट्रांजिट ट्रैफिक ट्राईसिटी के बीच से गुजरने के बजाय उसके किनारे से निकल सकेगा।"
अधिकारियों के अनुसार, जीरकपुर बाईपास और चंडीगढ़ एयरपोर्ट-एरोसिटी ग्रीनफील्ड हाईवे, लोकल ट्रैफिक को लंबी दूरी वाले हाईवे ट्रैफिक से अलग करके शहर में आने-जाने के मुख्य रास्तों पर भीड़ कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, इन प्रोजेक्ट्स से न सिर्फ लंबा ट्रैफिक जाम कम होगा, बल्कि लोगों का समय व ईंधन बचेगा। साथ ही माल ढुलाई (फ्रेट मूवमेंट) में सुधार होगा। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
अधिकारियों का मानना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से इस इलाके में लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि इससे ट्राईसिटी और आस-पास के इलाकों तक तेजी से और बेहतर तरीके से पहुंचा जा सकेगा।
बता दें कि इस कार्यक्रम में हरियाणा के गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के गवर्नर और UT एडमिनिस्ट्रेटर गुलाब चंद कटारिया, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ-साथ सांसद, विधायक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।