प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान झारग्राम पहुंचे। झारग्राम में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी अचानक रास्ते में एक झालमुड़ी के स्टॉल पर रुक गए और बंगाल के पारंपरिक फूड का स्वाद भी लिया। पीएम ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किया है। सोशल मीडिया पर पीएम का पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अचानक पीएम का काफिला रुकने से वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सोशल मीडिया पर शेयर की फोटो
पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर झालमुड़ी की दुकान पर रुकने की तस्वीरें और वीडियो शेयर किया। शेयर किए गए पोस्ट में पीएम ने लिखा, 'रविवार को पश्चिम बंगाल में चार पब्लिक मीटिंग के बीच झारग्राम में कुछ स्वादिष्ट मसालेदार झालमुड़ी का आनंद लेते हुए।' साथ ही पीएम ने स्टॉल लगाने वाले दुकानदार को 10 रुपये भी दिए।
झालमुड़ी के स्टॉल पर रूके पीएम
झारग्राम में सभा खत्म करने के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैलिपेड की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने अचानक गाड़ी रुकवाई और सड़क किनारे लगे झालमुड़ी के स्टॉल पर चले गए। वहां उन्होंने ताजा झालमुड़ी खाई और आसपास खड़े बच्चों को भी दी। इस दौरान उन्होंने पास की महिलाओं से भी बात की और कुछ देर वहीं रुके रहे। बता दें झालमुड़ी का ठेला बिहार के गया जिले के रहने वाले विक्रम साह का है, जो पिछले करीब 12 सालों से झारग्राम में यह दुकान चला रहे हैं।
झारग्राम में किया संबोधित
झारग्राम के आदिवासी बहुल क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा और उस पर “आदिवासी विरोधी” तथा “महिला विरोधी” होने के आरोप लगाए। विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अवैध जमीन कब्जे जैसे अहम स्थानीय मुद्दों को अनदेखा किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में आदिवासी समुदाय और महिलाओं की आवाज को लगातार दबाया और नजरअंदाज किया जाता रहा है।