Aadhaar Card: आज के समय में आधार कार्ड सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स में से एक है। बैंकिंग, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और कई दूसरी सरकारी सुविधाओं में आधार कार्ड का इस्तेमाल होता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर आधार कार्ड के नए डिजाइन को लेकर कई तरह की खबरें वायरल हो रही थीं। वहीं अब इस खबर पर सरकार ने अपना रिएक्शन दिया है। सरकार ने साफ कहा कि फिलहाल आधार कार्ड के डिजाइन में बदलाव करने की कोई योजना नहीं है। सरकार ने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स गलत हैं और इनसे लोगों के बीच बेवजह भ्रम फैलाया जा रहा है।
आधार को लेकर किए गए थे ये दावे
बीच-बीच में ऐसी खबरें और सोशल मीडिया पोस्ट ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस साल के अंत तक आधार कार्ड का लुक बदल जाएगा और उसमें सिर्फ एक फोटो और क्यूआर कोड ही रहेगा। हालांकि ये दावा पूरी तरह गलत है। सरकार ने साफ किया कि आधार कार्ड में ऐसे किसी बदलाव की कोई योजना नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स गलत हैं और इनसे लोगों के बीच बेवजह भ्रम फैलाया जा रहा है।
सरकारी बयान में कहा गया, "लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसी रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स पर ध्यान न दें। किसी भी जानकारी के लिए यूआईडीएआई के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस रिलीज पर ही भरोसा करें।" साथ ही मीडिया संस्थानों से भी कहा गया है कि वे ऐसी गलत जानकारियों को बढ़ावा न दें।
आधार कार्ड में आमतौर पर यूजर की फोटो, नाम, पता और जन्मतिथि जैसी जानकारी होती है। इसके साथ ही पहचान सत्यापित करने के लिए आधार नंबर और क्यूआर कोड जैसी दूसरी जरूरी डिटेल्स भी शामिल रहती हैं।