प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की। भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी ने भविष्य की रणनीति बनाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, तीनों सेनाओं के प्रमुखों, CDS जनरल अनिल चौहान और कुछ अन्य सीनियर अधिकारियों के साथ मीटिंग की। यह मीटिंग प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई।
इससे पहले दिन में पीएम मोदी ने तीनों सेनाओं के पूर्व प्रमुखों सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत की थी। अधिकारियों का कहना है कि मीटिंग में सेना, वायुसेना और नौसेना के पूर्व प्रमुखों के अलावा देश की सेवा कर चुके अन्य रिटायर्ड अधिकारी भी शामिल रहे। चर्चा मौजूदा स्थिति पर केंद्रित थी। पूर्व सैनिक समुदाय ने 22 अप्रैल को पहलगाम में पड़ोसी देश से जुड़े आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों की गोली मारकर हत्या के बाद पाकिस्तान के प्रति सरकार की सख्त प्रतिक्रिया की आमतौर पर सराहना की है।
पाकिस्तान के साथ भारत का संघर्ष तेज
8-9 मई की मध्य रात्रि में भारतीय प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तानी प्रयासों का सशस्त्र बलों द्वारा पर्याप्त रूप से जवाब दिए जाने के साथ ही पाकिस्तान के साथ भारत का संघर्ष तेज हो गया। 9 मई की शाम को विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। पाकिस्तान ने लेह से सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300-400 ड्रोन भेजे और भारतीय सेना ने इन ड्रोन्स को मार गिराया।
पाकिस्तान ने शुक्रवार रात को भी की बमबारी
पाकिस्तान की ओर से सीमा पर बमबारी थमी नहीं है। यह शुक्रवार की रात को भी जारी है। पंजाब के फिरोजपुर में एक पाकिस्तानी ड्रोन ने रिहायशी इलाके पर हमला किया, जिसमें एक परिवार घायल हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। एएनआई के मुताबिक, SSP फिरोजपुर भूपिंदर सिंह सिद्धू का कहना है, "हमें 3 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। उनके शरीर पर जलने के जख्म हैं। डॉक्टर उनका इलाज करेंगे। सेना ने अधिकांश ड्रोन को निष्प्रभावी कर दिया है।"
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के सांबा, पुंछ में भारी गोलाबारी और धमाकों की आवाज सुनी गई है। नागरोटा, अखनूर, पठानकोट में भारतीय वायु रक्षा प्रणाली द्वारा पाकिस्तानी ड्रोनों को मार गिराने की खबर है।