प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल मई में देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। पीएम मोदी के इस अपील की देश में काफी चर्चा हुई थी। लेकिन इस अपील का असर अब देखने को मिला है। बीते कुछ महीनों में सोना-चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट आई है। उनकी अपील के बाद से अब तक 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 30 हजार रुपये कम हो चुकी है। वहीं सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के लिए प्रधानमंत्री ने देशवासियों को धन्यवाद भी दिया है।
पीएम मोदी के अपील का असर
बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह शास्त्री जी ने देशवासियों से खाने की कमी के समय एक वक्त का भोजन छोड़ने की अपील की थी, उसी तरह उन्होंने भी लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी कम करने का आग्रह किया था। पीएम मोदी के मुताबिक, लोगों ने उनकी इस अपील पर अमल भी किया और सोने की खरीद में कमी आई।
लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “एक साल पहले मैंने देशवासियों से अपील की थी कि अगर जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। मुझे खुशी है कि जिस तरह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने देशवासियों से एक वक्त का खाना छोड़ने को कहा था और लोगों ने उनकी बात मानी थी, उसी तरह आज भी मेरा देश अपील को गंभीरता से लेता है।”
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi says, "A year ago, I urged the countrymen: for one year, if it is not necessary, please do not buy gold.' And I am happy, just as Lal Bahadur Shastri ji had asked the countrymen to skip one meal, and this country obeyed his call; my country still holds that same character. An ordinary person like me asked to buy less gold; the countrymen bought less gold, and gold prices fell. Today, people are telling me, 'Modi ji, you spoke, we listened to your advice, and our money was saved.'"
(Source: ANI/DD News) — ANI (@ANI) November 21, 2026
सीएम योगी की तारीफ
वहीं कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र की एक लड़की का उदाहरण देते हुए बताया कि उसने उनसे कहा था कि अब वह रात 11 बजे तक काम करने के बाद भी बिना किसी डर के घर लौट सकती है। दुनिया भर में कुशल भारतीय कामगारों की बढ़ती मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय कारीगरों और ITI से प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं की अहमियत लगातार बढ़ रही है। सऊदी अरब, दुबई, अबू धाबी, कतर और कुवैत की यात्राओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वहां के शाही परिवारों के सदस्यों ने अपने आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कारीगरों के योगदान की सराहना की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में ITI और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।