भारतीय मूल की एक्टर और टीवी होस्ट लिशालिनी कनारन ने मलेशिया के एक पुजारी पर आर्शीवाद देने के बहाने शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। कनारन ने इस घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा की। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पुजारी की तलाश शुरू कर दी है।
अपनी पोस्ट में कनारन ने बताया कि यह घटना पिछले शनिवार को सेपांग स्थित मरिअम्मन मंदिर में हुई थी। यह घटना तब सामने आई, जब उन्होंने इसके बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
आध्यात्मिक शांति की खोज हाल के कुछ हफ्तों में कई बार मंदिर जा चुकीं लिशालिनी ने बताया कि घटना के दिन वो मंदिर अकेले गई थीं, क्योंकि उनकी मां भारत गई हुई थीं। सोशल मीडिया पर शेयर किए अपने डीटेल स्टेटमेंट में उन्होंने बताया कि कैसे वह पुजारी, जो पहले भी कई बार उनका मार्गदर्शन कर चुका था, इस बार भी प्रार्थना के दौरान विशेष जल और पवित्र रक्षा सूत्र का आर्शीवाद देने के लिए उनसे संपर्क किया।
प्रार्थना पूरी होने के बाद पुजारी ने अपने अलग ऑफिस में बुलाने से पहले लिशालिनी को एक घंटे उसका इंतजार करने के लिए कहा। लिशालिनी ने कहा, ‘मैं उसके साथ जा तो रही थी, मगर मुझे कुछ ठीक नहीं लग रहा था। मुझे अंदर से कुछ गलत होने की आशंका लग रही थी।’
उन्होंने बताया कि कमरे में जाने पर पुजारी ने मेरे ऊपर बहुत तेज महक वाला लिक्विड पानी में मिलाकर डाल दिया। उसने इसे पवित्र जल बताया और कहा कि यह साधारण लोगों के लिए नहीं है। वह मेरे चेहरे पर इसकी बौछार करने लगा। उन्होंने कहा, ‘उसने बताया कि यह भारत से आया है और इसे आमतौर से साधारण लोगों को नहीं देते हैं। मेरे ऊपर काफी सारा लिक्विड डाल दिया गया, मेरी आंखें उस लिक्विड से जलने लगीं, मैं उन्हें खोल भी नहीं पा रही थी।’
उन्होंने और जानकारी देने से इनकार करते हुए लिखा, ‘धोखा सबसे गहरे जख्म देता है। मैं और डीटेल नहीं दूंगी। मगर उस पुजारी द्वारा मेरा शोषण किया गया है। मैं और कुछ कह भी नहीं पाई।’
इस बीच मलेशियाई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पुजारी की तलाश कर रही है।
लिशालिनी कनारन को 2021 में मिस ग्रैंड मलेशिया का ताज पहनाया गया था। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 90 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह सेलंगोर की एक आर्किटेक्चर की छात्रा भी हैं। उन्होंने कुछ सीरियल में भी काम किया है।