9 साल बाद दो दिन के इजरायल दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, नेतन्याहू बोले- 'भारत एक पावरफुल देश'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा जुलाई 2017 की उनकी ऐतिहासिक यात्रा के बाद होने जा रहा है। उस समय वे इजरायल जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। उस यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में बड़ा बदलाव आया और सहयोग कई क्षेत्रों तक फैल गया। पिछले कुछ वर्षों में भारत और इजराइल के बीच रक्षा सहयोग काफी बढ़ा है

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 9:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 फरवरी को इजरायल के दौरे पर जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 फरवरी को इजरायल के दौरे पर जाएंगे। यह उनका इजरायल का दूसरा आधिकारिक दौरा होगा। इस बात की जानकारी सबसे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दी। उन्होंने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। यह कार्यक्रम “कॉन्फ्रेंस ऑफ प्रेसिडेंट्स ऑफ मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशंस” में हुआ था। अपने संबोधन में नेतन्याहू ने कहा कि अगले हफ्ते भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल आ रहे हैं और संसद में भाषण भी देंगे। उन्होंने भारत और इजरायल के रिश्तों को एक “मजबूत और शानदार गठबंधन” बताया।

बेंजामिन नेतन्याहू ने कही ये बात

वहीं भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत की जमकर तारीफ की है। नेतन्याहू ने इजरायल और भारत के बीच एक जबर्दस्त गठबंधन बताया। नेतन्याहू ने कहा, 'आप जानते हैं कि अगले सप्ताह यहां कौन आ रहा है- नरेंद्र मोदी। इजरायल और भारत के बीच जबर्दस्त गठबंधन है और हम सभी तरह के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं।' नेतन्याहू ने आगे कहा, 'भारत कोई छोटा देश नहीं है। वहां 1.5 अरब लोग रहते हैं। इजरायल वहां बहुत ज्यादा पॉपुलर है, बहुत ज्यादा। क्या आप जानते हैं?'


पीएम मोदी का दूसरा दौरा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा जुलाई 2017 की उनकी ऐतिहासिक यात्रा के बाद होने जा रहा है। उस समय वे इजरायल जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। उस यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में बड़ा बदलाव आया और सहयोग कई क्षेत्रों तक फैल गया। पिछले कुछ वर्षों में भारत और इजराइल के बीच रक्षा सहयोग काफी बढ़ा है। भारत इजरायल से हथियार खरीदने वाले बड़े देशों में शामिल है। भारत ने स्पाइक एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल जैसे आधुनिक रक्षा सिस्टम भी खरीदे हैं। इसके अलावा खेती, जल प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी मजबूत हुई है।

पीएम का ऐसे समय में इजराइल जाने का कार्यक्रम तय हो रहा है जब हाल के दिनों में ही इजराइल के कई मंत्रियों ने भारत की यात्रा की थी। बीते साल इजराइल के पर्यटन मंत्री हैम काट्ज, अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री निर बरकत, कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री अवी डिचर समेत वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच ने भारत का दौरा किया था। दोनों रणनीतिक साझेदार देश मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर साइन करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।