शादी का झांसा दिया, 'प्रसाद' बताकर पिलाया नशीला दूध! IITian बाबा पर महिलाओं का रेप करने का आरोप

जांच में सामने आया है कि वह इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल सिर्फ लोकप्रियता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि युवतियों से संपर्क बनाने के लिए भी करता था। खास तौर पर इंजीनियरिंग और अन्य पेशेवर क्षेत्रों से जुड़ी पढ़ी-लिखी महिलाओं को निशाना बनाता था

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 9:11 PM
शादी का झांसा दिया, 'प्रसाद' बताकर पिलाया नशीला दूध! IITian बाबा पर महिलाओं का रेप करने का आरोप

IIT रुड़की से पढ़ाई कर चुके 29 साल के एक युवक को खुद को आध्यात्मिक गुरु बताकर महिलाओं का यौन शोषण करने और उनकी आपत्तिजनक तस्वीरों-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान ओडिशा के रहने वाले अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है। वह सोशल मीडिया पर खुद को "आदिकर्ता नारायण दास" नाम से पेश करता था। उसने IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है।

पुलिस ने उसे 25 मई को छत्तीसगढ़ की 22 साल की BSc नर्सिंग छात्रा की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया पर बनाया आध्यात्मिक गुरु का चेहरा


पुलिस के मुताबिक, अभिषेक पिछले करीब चार साल से मथुरा के राधाकुंज इलाके में रह रहा था और खुद को कथावाचक तथा आध्यात्मिक गुरु बताता था। वह 'राधा कृपा अमृत' नाम से यूट्यूब चैनल चलाता था, जहां हिंदी और अंग्रेजी में प्रवचन देता था। वहीं, LinkedIn पर भी उसने अपने नए नाम से प्रोफेशनल प्रोफाइल बना रखी थी।

जांच में सामने आया है कि वह इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल सिर्फ लोकप्रियता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि युवतियों से संपर्क बनाने के लिए भी करता था। खास तौर पर इंजीनियरिंग और अन्य पेशेवर क्षेत्रों से जुड़ी पढ़ी-लिखी महिलाओं को निशाना बनाता था।

परिवार से दूर कर अपने पास बुलाने का आरोप

पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क करता था, फिर धीरे-धीरे उन्हें परिवार से दूरी बनाने के लिए प्रेरित करता था। इसके बाद उन्हें अपने साथ रहने के लिए तैयार करता था। बताया जा रहा है कि उसके मथुरा स्थित घर में एक समय पर करीब 24 युवक-युवतियां साथ रह रहे थे।

आरोप है कि वह महिलाओं को "गंधर्व विवाह" का प्रस्ताव देता था और इसी बहाने उनका शोषण करता था।

'प्रसाद' बताकर नशीला दूध पिलाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे दूध दिया और कहा कि यह प्रसाद है। उसका आरोप है कि दूध में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। दूध पीने के बाद वह बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए और बाद में उन्हें दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा।

पढ़ी-लिखी महिलाओं को बनाता था निशाना

पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर इंजीनियर, डॉक्टर, कॉर्पोरेट कर्मचारियों और अन्य पेशेवर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करता था। बाद में कथित तौर पर उनका शोषण कर उन्हें ब्लैकमेल करता था।

मां भी छोड़कर चली गई थी

जांच में यह भी सामने आया है कि शुरुआत में आरोपी की मां उसके साथ रहती थी, लेकिन बेटे की गतिविधियों से परेशान होकर बाद में वहां से चली गई।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

ट्विशा शर्मा मौत मामला: भोपाल कोर्ट में हुआ भारी ड्रामा, अदालत में दोनों पक्षों के वकीलों के बीच हाथापाई की नौबत आई!

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।