Pune PMC Election Result 2026: महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार (16 जनवरी) सुबह शुरू हुई मतगणना के रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निगमों में डिप्टी सीएम अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (शरदचंद्र पवार) के गठबंधन से आगे निकल गई है। पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में बीजेपी कोल्हापुर, सातारा, सोलापुर और सांगली नगर निकायों में भी बढ़त बनाए हुए है।
पुणे और पिंपरी चिंचवड में बीजेपी का प्रदर्शन संकेत देता है कि एकजुट NCP गुटों की चुनौती को उसने प्रभावी रूप से कमजोर कर दिया है। BJP ने 2017 से 2022 तक पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निकायों में अकेले सत्ता संभाली थी। बाद में आरक्षण मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा नगर निकाय चुनावों पर रोक लगाए के बाद हुई देरी के कारण इन निकायों का नियंत्रण प्रशासक के पास रहा।
पुणे और पिंपरी चिंचवड में बीजेपी अपने महायुति सहयोगियों NCP और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से अलग स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस भी मैदान में हैं। ताजा रुझानों के अनुसार, पुणे में 165 में से 43 निकाय वार्ड में BJP आगे है। इसके बाद कांग्रेस 7 सीट, NCP पांच पर और NCP (SP) 3 पर आगे है।
BJP 128 सदस्यीय पिंपरी चिंचवड नगर निकाय में 70 सीट पर आगे है। जबकि NCP 40 वार्ड में आगे है। पुणे और पिंपरी चिंचवड में चुनाव प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री अजित पवार और BJP के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई। अजित पवार ने दोनों नगर निकायों के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर स्थानीय BJP नेतृत्व को निशाना बनाया था।
बीजेपी 102 सदस्यीय सोलापुर नगर निगम में 60 वार्ड में आगे है। 81 सदस्यीय कोल्हापुर नगर निकाय में 'महायुति' के सहयोगी दल BJP, शिवसेना और NCP 25 सीट पर आगे हैं। जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी 21 वार्ड में आगे है। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद कराए गए। जबकि इनमें से अधिकतर के कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे।
नागपुर नगर निगम (एनएमसी) के चुनाव में शुक्रवार सुबह से चल रही मतगणना में बीजेपी 84 सीट पर आगे है। जबकि कांग्रेस की 41 सीट पर बढ़त है। महाराष्ट्र में 28 अन्य नगर निगमों के साथ-साथ 151 सदस्यीय नागपुर नगर निगम के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था।
29 नगर निकायों के चुनाव में 54.77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। आयोग द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, राज्य की नवगठित इचलकरंजी महानगरपालिका में सबसे ज्यादा 69.76 फीसदी, जबकि मीरा-भयंदर महानगरपालिका में सबसे कम 48.64 प्रतिशत मतदान हुआ।