पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनका नाम अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया। खबरों के मुताबिक, तरन तारन के पट्टी से विधायक भुल्लर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर इस्तीफा देने के लिए कहा गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। साथ ही मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा को इस पूरे मामले की जांच करने के आदेश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कही ये बात
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस्तीफा इसलिए लिया गया है ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और सरकार किसी भी तरह की लापरवाही या उत्पीड़न को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने मुख्य सचिव को इस मामले की उच्च स्तर पर जांच करने के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह मामला तब सामने आया जब अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने यह कदम मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के डर की वजह से उठाया और इशारा किया कि वह अब बच नहीं पाएंगे। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर मंत्री के करीबी व्यक्ति को टेंडर देने का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने नियमों के अनुसार सही बोली लगाने वाले के पक्ष में फैसला लिया। इसके अलावा उन्होंने 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने, मंत्री के घर पर उनके साथ मारपीट करने और उनका आपत्तिजनक वीडियो बनाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने तुरंत कार्रवाई की मांग तेज कर दी। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा समेत कई नेताओं ने मामले में आपराधिक जांच की मांग की। मजीठिया ने आरोप लगाया कि मंत्री के घर पर अधिकारी के साथ मारपीट की गई और उनसे जबरन वीडियो बनवाने की कोशिश की गई। विपक्ष का यह भी कहना है कि रंधावा इस अपमान को सहन नहीं कर पाए, हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं लालजीत सिंह भुल्लर ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए खारिज किया और कहा कि उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए ही इस्तीफा दिया है।