Get App

क्या राहुल गांधी बम की तरह फटेंगे?: कांग्रेस नेता के 'एटम बम' वाले बयान पर BJP का कटाक्ष

Rahul Gandhi Vs Election Commission: चुनाव आयोग ने शुक्रवार (1 अगस्त) को कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से लगाए गए 'वोट चोरी' संबंधी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इन गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों को नजरअंदाज किया जाना चाहिए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि निर्वाचन आयोग ‘वोट चोरी’ में शामिल है। साथ ही कहा कि इस बारे में उनके पास ऐसा पुख्ता सबूत है जो ‘एटम बम’ की तरह है जिसके फटने पर आयोग को कहीं छिपने की जगह नहीं मिलेगी

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Aug 01, 2025 पर 8:02 PM
क्या राहुल गांधी बम की तरह फटेंगे?: कांग्रेस नेता के 'एटम बम' वाले बयान पर BJP का कटाक्ष
Rahul Gandhi Vs Election Commission: बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा, "क्या राहुल गांधी बम की तरह फटेंगे?

Rahul Gandhi Vs Election Commission: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार (1 अगस्त) को दावा किया कि उनकी पार्टी के पास चुनावी गड़बड़ियों को साबित करने के लिए 'एटम बम' जैसा सबूत है। इस पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार (1 अगस्त) को तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बम की तरह फटने के बजाय पानी की तरह बहना चाहिए। केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने चुनाव आयोग को निशाना बनाने के लिए अलोकतांत्रिक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने के लिए भी राहुल पर तीखा हमला किया। उसने कहा, "अगर वे बम धमाका करेंगे, तो हम संविधान को बचाएंगे।"

बीजेपी की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस नेता के उस दावे के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी के पास चुनाव आयोग की ओर से की गई कथित गड़बड़ियों के स्पष्ट और निर्णायक सबूत हैं। राहुल गांधी ने इन सबूतों की तुलना 'एटम बम' से करते हुए कहा था कि जब यह फटेगा, तो निर्वाचन आयोग के पास छिपने की कोई जगह नहीं बचेगी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा, "क्या राहुल गांधी बम की तरह फटेंगे? आपको क्या लगता है? उनका काम तो फटना है। उनके पास और कोई काम नहीं है।"

BJP नेता ने कहा कि विपक्षी दल ऐसी बातें इसलिए करता है, क्योंकि उसे लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। पात्रा ने बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, "जरा सोचिए यह कैसी भाषा है। मेरे (राहुल गांधी) पास निर्वाचन आयोग के खिलाफ (वोट चोरी में शामिल होने के) सबूतों का 'एटम बम' है!"

उन्होंने कहा, "आप (राहुल गांधी) कहते कि मैं निर्वाचन आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करूंगा या मैं इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करूंगा। लेकिन बम फोड़ने की बात? (राहुल गांधी की) भाषा ही अलोकतांत्रिक और अपमानजनक है।" पात्रा ने कहा कि राहुल ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया, उससे पता चलता है कि "ये लोग बम की तरह फटना चाहते हैं।"

BJP सांसद ने कहा, “हम वो लोग हैं, जिनकी लोकतंत्र में आस्था है। अगर वे ‘परमाणु बम’ फोड़ेंगे, तो हम संविधान की रक्षा करेंगे।” बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल शुरू से ही धमकी भरे लहजे में बोलते आए हैं। उन्होंने किसी को भी नहीं बख्शा है।

उन्होंने कहा, "वह एक हाथ जेब में डालकर हमेशा धमकी भरे लहजे में बात करते हैं। हिंदी फिल्मों की तरह, जहां खलनायक हमेशा एक हाथ जेब में रखता है और कहता है, "मैं बम की तरह फटूंगा, मैं तुम्हें छोडूंगा नहीं’, वह (राहुल) भी ऐसा ही करते रहते हैं।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें