Rahul Gandhi Row: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (26 जनवरी) को कथित तौर पर "नॉर्थ-ईस्टर्न पटका (असमिया 'गमोसा')" पहनने से इनकार कर दिया। इस पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। CNN-News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'एट होम रिसेप्शन' की थीम नॉर्थ-ईस्ट थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर यूरोपियन यूनियन के नेताओं, विदेशी राजदूतों और अन्य दूसरे मेहमानों तक, सभी को नॉर्थ-ईस्ट का पटका दिया गया। टॉप सूत्रों के मुताबिक, सिर्फ राहुल गांधी ही ऐसे थे जिन्होंने नॉर्थ-ईस्ट का पटका नहीं पहना था।
CNN-News18 को टॉप सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राहुल गांधी से इसे दो बार पहनने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। सामने आई तस्वीरें में ऐसा दिख भी रहा है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने पटका लिया। लेकिन उसे हाथ में ही पकड़े रहे। उन्होंने उसे अन्य नेताओं की तरह गले में पहना नहीं। हालांकि, तस्वीरों में राहुल गांधी के साथ मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटका पहने हुए दिख रहे हैं। कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने इस पूरे मामले को बीजेपी का फर्जी ड्रामा बताया।
BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, "राहुल गांधी ने नॉर्थ ईस्ट के गमोसा को पहनने से मना कर दिया। जबकि भारत के राष्ट्रपति ने उनसे इसे पहनने का अनुरोध किया था। राहुल गांधी नॉर्थ ईस्ट और उसकी संस्कृति और लोगों से नफरत करते हैं। उन्होंने आदिवासी समाज की राष्ट्रपति का अपमान किया.।"
कांग्रेस पार्टी ने पिछले महीने राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए आयोजित 'एट होम रिसेप्शन' में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को आमंत्रित न किए जाने पर आपत्ति जताई थी। कांग्रेस ने कहा था कि कांग्रेस प्रमुख और विपक्ष के नेता को उचित राजनीतिक शिष्टाचार नहीं दिया जा रहा है।
बीजेपी की तरफ से लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर 'नॉर्थ-ईस्टर्न पटका' पहनने से पहरेज करने का आरोप लगाने पर कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में सफाई दी। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि राहुल गांधी वो पहले इंसान थे जो जब मणिपुर में घटनाएं घट रही थीं तो वहां कई बार गए। इस तरह से राहुल गांधी को हमेशा कटघरे में खड़ा करना ठीक नहीं है।"
वहीं, ओडिशा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, "राहुल गांधी ने कई बार नॉर्थ ईस्ट का गमछा पहना है। मैं नॉर्थ ईस्ट के दो राज्यों में रहा लेकिन वे(भाजपा) ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं?... इन बातों का क्या मतलब है? राहुल गांधी दिखावा नहीं करते हैं। केवल अलग-अलग राज्यों के वस्त्र पहन लेने से आप उस राज्य का सम्मान करते हैं यह आवश्यक नहीं।"
उन्होंने आगे कहा, "BJP तो हर राज्य की संस्कृति पर प्रहार कर रही है... हर नॉर्थ ईस्ट राज्य इतने स्वतंत्र थे। अपने अपनीयत को कायम रखते हुए, कांग्रेस के समय में मणिपुर, मणिपुर और नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ ईस्ट रहा करता था लेकिन वे (BJP) तो उनकी संस्कृति को खत्म करना चाहते हैं।"