Rain Alert in Delhi: उत्तर भारत पर मौसम का असर, दिल्ली-एनसीआर में कई दिन तक बारिश के आसार

Rain Alert in Delhi: मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों में बरसात का दौर रहेगा। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा के साथ बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है

अपडेटेड Feb 01, 2026 पर 7:17 AM
Story continues below Advertisement
Rain Alert in Delhi: 1 फरवरी को बजट के दिन दिल्ली में मौसम पूरी तरह बदला हुआ रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जनवरी के महीने में जहां लोग कड़ाके की सर्दी और कोहरे से राहत की उम्मीद कर रहे थे, वहीं बारिश ने एक बार फिर रोजमर्रा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। 23 और 27 जनवरी को हुई बारिश के बाद अब तीसरी बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का नया दौर देखने को मिल रहा है। 31 जनवरी की रात से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में देर रात से सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई और सुबह की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आ रहा है।

दिन की गर्माहट कम हो गई है, जबकि हवा में नमी बढ़ने से ठंड का एहसास और गहरा हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यह बदलाव केवल एक-दो दिन का नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में भी मौसम यूं ही उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है।

कई राज्यों में बेमौसम बारिश का अनुमान


मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम का असर केवल दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं रहेगा। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बेमौसम बारिश होने की संभावना है। अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान बिजली चमकने और बादल गरजने की चेतावनी भी जारी की गई है।

कहां से आ रहा है नया सिस्टम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर अफगानिस्तान और पाकिस्तान से सटे हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेदर डिस्टर्बेंस सक्रिय हुआ है। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश देखने को मिल रही है। मध्य पाकिस्तान से लेकर उत्तर-पश्चिम भारत तक दो से तीन दिन तक सुबह से रात तक बारिश की स्थिति बन सकती है।

आगे भी राहत नहीं, फिर आ सकता है पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग की चिंता इस बात को लेकर भी है कि 2 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके बाद 5 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में नया सिस्टम दस्तक देगा, जिससे एक बार फिर बूंदाबांदी और बादल छाए रहने की संभावना है।

बजट के दिन दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

1 फरवरी को बजट के दिन दिल्ली में मौसम पूरी तरह बदला हुआ रहेगा। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे, बिजली चमकने और बादल गरजने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

2 से 6 फरवरी तक ऐसे ही रहेगा मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार 2 फरवरी से 6 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की बारिश होती रहेगी। हालांकि इस दौरान कड़ाके की ठंड का असर कुछ हद तक कम रहने की उम्मीद है।

पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में ठंड का असर

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी हो रही है। वहीं पंजाब और हरियाणा में कोहरे का प्रकोप जारी है। पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का असर बना हुआ है। तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से सुबह के वक्त ज्यादा गलन महसूस की जा रही है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री तक रहने से ठंड थोड़ी कम महसूस होगी।

यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में बारिश अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर गोरखपुर, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर और देवरिया समेत 50 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में अगले एक हफ्ते का तापमान अनुमान

1 फरवरी को न्यूनतम तापमान 6.6 से 8 डिग्री और अधिकतम 21 से 23 डिग्री रह सकता है।

2 फरवरी को न्यूनतम 10 से 12 और अधिकतम 17 से 19 डिग्री के आसपास रहेगा।

3 फरवरी को तापमान 10 से 12 डिग्री न्यूनतम और 17 से 19 डिग्री अधिकतम रहने का अनुमान है।

4 फरवरी को न्यूनतम 8 से 10 और अधिकतम 17 से 19 डिग्री रह सकता है।

5 फरवरी को न्यूनतम 7 से 9 और अधिकतम 17 से 19 डिग्री रहेगा।

6 फरवरी को न्यूनतम 7 से 9 और अधिकतम 18 से 20 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Karnataka: कर्नाटक के बीदर में रहस्यमयी धमाका, 6 बच्चों समेत 8 लोग घायल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।