Delhi Weather Today: बुधवार, 5 अगस्त को दिल्ली में एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, IMD ने 4 अगस्त से 6 अगस्त के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की भविष्यवाणी भी की है। इसके अलावा, दिल्ली में 10 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की भी संभावना है।
तेज बारिश से मिली उमस से राहत
मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच अयानगर में सबसे ज्यादा 49.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, सफदरजंग में 9.4 मिमी, पालम में 8.1 मिमी, लोधी रोड में 3.7 मिमी और रिज में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक के पिछले 24 घंटों में अयानगर में 23.6 मिमी बारिश हुई थी, जबकि सफदरजंग, पालम और रिज में केवल हल्की (ट्रेस) बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में एक-दो दौर हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर, खासकर सुबह से दोपहर के बीच मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद शाम और रात में भी हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि बुधवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
वहीं, मंगलवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 27.4°C रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज़्यादा था। अयानगर सबसे ठंडा स्टेशन रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम था।
IMD ने जलभराव और ट्रैफिक में देरी की चेतावनी दी
IMD ने चेतावनी दी है कि हो रही बारिश से ट्रैफिक में थोड़ी रुकावट आ सकती है, निचले इलाकों में पानी भर सकता है और एक्सीडेंट का खतरा बढ़ सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति देख लें, सरकारी सलाह मानें और जहां तक हो सके, पानी भरने वाले रास्तों पर जाने से बचें।
इस बीच, बारिश की वजह से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में सुधार जारी रहा। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार शाम को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 64 था, जो इस महीने लगातार चौथे दिन "संतोषजनक" श्रेणी में बना हुआ है।