Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में आज भी बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया आंधी तूफान का अलर्ट, 50 Kmph की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

Delhi Weather Today: बुधवार (8 जुलाई) की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और यह संकेत भी मिला कि राजधानी में मानसून अब सक्रिय हो गया है। जिसको लेकर IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

अपडेटेड Jul 08, 2026 पर 8:28 AM
दिल्ली-NCR में आज भी होगी बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Delhi Weather Today: बुधवार (8 जुलाई) की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और यह संकेत भी मिला कि राजधानी में मानसून अब सक्रिय हो गया है। जिसको लेकर IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, शाम और रात में भी एक और दौर की बारिश हो सकती है।

इससे पहले मंगलवार को हुई लगातार बारिश के कारण दिल्ली में इस साल का सबसे ज्यादा बारिश वाला दिन दर्ज किया गया। बारिश से लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर जलभराव, पेड़ गिरने और लंबे ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियां भी देखने को मिलीं। हालांकि, बारिश के बाद दिल्ली के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। पारा करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया।


मानसून एक्टिव रहने से और बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बुधवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। वहीं, सुबह और दोपहर से पहले 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाओं (जिनकी गति 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है) के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है, और दिन में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की उम्मीद है।

IMD के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 21°C से 23°C के बीच रहने की संभावना है, जो पिछले दिन के तापमान की तुलना में काफी कम होगा।

बता दें कि सुबह की बारिश से शहर के कई हिस्सों में मौसम ठंडा हो गया है, और लगातार बारिश से दिन का तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन के पहले हिस्से में 20-25 किमी/घंटा की गति से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है, जो बाद में धीरे-धीरे धीमी हो जाएंगी।

स्काईमेट के महेश पलावत ने PTI को बताया कि दिल्ली में लगातार हो रही बारिश की वजह कई मौसम प्रणालियों का एक साथ सक्रिय होना है। इनमें उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance), मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से में बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) और अरब सागर से आ रही नमी से भरी मानसूनी हवाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी के साथ बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो जाएगी। इस दौरान दिल्ली में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

पलावत ने कहा कि मौसमी ट्रफ (seasonal trough) अभी मध्य भारत के ऊपर है और उम्मीद है कि 12 जुलाई के आसपास यह धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ेगा और दिल्ली से गुजरने के बाद हिमालय की तलहटी में स्थिर हो जाएगा।

उन्होंने कहा, "उस समय से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी इलाकों में मानसून में रुकावट (break monsoon phase) आ सकती है और मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।"

ट्रैफिक में रुकावट और जलभराव की आशंका

और बारिश की संभावना को देखते हुए, दिल्ली और NCR में आने-जाने वालों को धीमी रफ्तार वाले ट्रैफिक, कम विजिबिलिटी और कुछ खास इलाकों में जलभराव का सामना करना पड़ सकता है। वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान सावधानी से गाड़ी चलाएं।

बता दें कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इनमें गीता कॉलोनी रोड से नोएडा, NH-48, ओल्ड रोहतक रोड और अक्षरधाम रोड से नोएडा जाने वाला मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित रहा।

तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव भी हुआ। सदर बाजार के तेलीवाड़ा स्थित महावीर बाजार, गीता कॉलोनी, तीस हजारी कोर्ट के पास, संगम विहार, वजीराबाद, जगतपुर और बदरपुर बॉर्डर समेत कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर इन इलाकों के वीडियो और तस्वीरें भी शेयर की हैं।

IMD ने लोगों को सलाह दी है कि वे आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहें और बिजली गिरने व तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचें। साथ ही दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद जताई है। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से लगातार राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: E25 Petrol: सरकार E25 पेट्रोल लॉन्च करने से पहले सतर्क, इंजन और माइलेज पर असर की हो रही जांच

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।