Delhi Weather Forecast: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार से शुक्रवार तक राजधानी में छिटपुट हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जिसमें हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने और कई बार हल्की बारिश होने की आशंका है।
मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के लिए सामान्य के आसपास है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जिसके बाद शुक्रवार तक आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के कारण तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
IMD के अधिकारी ने दी जानकारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने बताया, "गुरुवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और शुक्रवार को यह 27 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।" उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
अधिकारी ने आगे बताया की “सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद, बुधवार से एक दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इस तरह के दो लगातार पश्चिमी विक्षोभ कम से कम एक हफ्ते तक तापमान को सामान्य बनाए रखते हैं, खासकर जब बारिश हो रही हो।”
सामान्य तापमान के रहने से शहर को मार्च के पहले हिस्से में पड़ रही असामान्य गर्मी से राहत मिलेगी, क्योंकि तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और सामान्य से अधिक बना रहा। 1 मार्च को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। 7 मार्च तक यह 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कम से कम 15 सालों में पहली बार 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक का उच्चतम तापमान था। 11 मार्च को तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ मौसम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक था।
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम ठंडा रहेगा
स्काईमेट मौसम पूर्वानुमान के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि इस पश्चिमी विक्षोभ से क्षेत्र में ठंडक आएगी। उन्होंने कहा, “गुरुवार से आसमान में बादल छाए रहेंगे, हालांकि शनिवार तक इसका प्रभाव कम हो जाएगा।”
मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम और पिछले दिन से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम था। पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार तक न्यूनतम तापमान बढ़कर 19-21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद शनिवार तक यह फिर से गिरकर 14-16 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा।