राजस्थान SIR की फाइनल लिस्ट जारी, 2.5 लाख वोटरों के कटे नाम...10 लाख नए वोटर जुड़े

करीब 2.5 लाख नाम हटाए जाने के बाद भी राजस्थान में कुल रजिस्टर मतदाताओं की संख्या अब 5,15,19,929 हो गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि ड्राफ्ट सूची की तुलना में 10,48,605 नए मतदाता जुड़े हैं। नए वोटर लिस्ट के अनुसार, कुल 2,69,57,881 पुरुष मतदाता, 2,45,61,486 महिला मतदाता और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं

अपडेटेड Feb 21, 2026 पर 6:16 PM
Story continues below Advertisement
राजस्थान SIR की फाइनल लिस्ट जारी

राजस्थान में चुनाव आयोग ने 199 विधानसभा सीटों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं SIR के बाद की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस रिवाइज लिस्ट में करीब 2.5 लाख नाम हटाए गए हैं। इस नई लिस्ट में बड़े स्तर पर की गई जांच और वेरिफिकेशन प्रक्रिया का नतीजा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वोटर लिस्ट में सिर्फ एलिजिबल मतदाताओं के नाम ही शामिल रहें। आंकड़ों के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 को जारी पिछली लिस्ट के बाद कुल 2,42,760 नाम हटाए गए हैं। यह हटाए गए नाम उस विशेष अभियान का हिस्सा हैं, जिसमें डुप्लीकेट नामों को छांटकर बाहर किया गया।

राजस्थान SIR 2026 की फाइनल लिस्ट

करीब 2.5 लाख नाम हटाए जाने के बाद भी राजस्थान में कुल रजिस्टर मतदाताओं की संख्या अब 5,15,19,929 हो गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि ड्राफ्ट सूची की तुलना में 10,48,605 नए मतदाता जुड़े हैं। नए वोटर लिस्ट के अनुसार, कुल 2,69,57,881 पुरुष मतदाता, 2,45,61,486 महिला मतदाता और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। 18 से 20 साल के युवा मतदाताओं की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस आयु वर्ग में 4,35,061 नए मतदाता जुड़े हैं, जो ड्राफ्ट सूची के मुकाबले 0.82 प्रतिशत अधिक है। इस श्रेणी में जयपुर में सबसे ज्यादा 1.30 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। यह दर्शाता है कि पहली बार वोट देने वाले युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।


राजस्थान में मतदाता सूची के जेंडर रेश्यो में भी सुधार देखा गया है। अब हर 1000 पुरुष मतदाताओं पर 911 महिला मतदाता हैं, जबकि पहले यह संख्या 909 थी। यह बदलाव दिखाता है कि महिलाओं में मतदान को लेकर जागरूकता और भागीदारी बढ़ रही है। राजस्थान उन नौ राज्यों में शामिल था, जहां वोटर रोल की सफाई के दूसरे चरण में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान चलाया गया। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया अभी भी जारी है। अंतिम मतदाता सूची जारी होने का मतलब यह नहीं है कि अब कोई बदलाव नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया आगे भी चलती रहेगी।

चुनाव आयोग ने कहा है कि भले ही अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है, लेकिन नाम जोड़ने या बदलाव करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहती है। जो नागरिक 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए Form 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। अगर किसी नाम को हटाना हो, तो उसके लिए Form 7 जमा करना होता है। वहीं, मतदाता सूची में पहले से दर्ज जानकारी में सुधार या अपडेट करने के लिए Form 8 का उपयोग किया जा सकता है। आयोग ने बताया कि मतदाता पंजीकरण और सुधार की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए सरल तरीके अपनाए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।