उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र रामनवमी के मंगलमयी उपलक्ष्य में सभी जनपदों में 24 घंटे का श्रीरामचरिमानस का अखंड पाठ कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी जनपदों में देवालयों/मन्दिरों में आवश्यक व्यवस्थाएं प्रारम्भ कर दी गई हैं।
पूरे यूपी में होगा रामचरितमानस का पाठ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र रामनवमी के अवसर पर सभी जिलों में 24 घंटे का अखंड रामचरितमानस पाठ कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह पाठ 5 अप्रैल दोपहर से शुरू होकर 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे खत्म होगा। इसकी पूर्णाहुति श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला के सूर्य तिलक के साथ की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्रि के दौरान पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मंदिरों के आसपास अंडे-मांस की दुकानें न हों और कहीं भी अवैध बूचड़खाने संचालित न हों, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने दिया ये निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि, 5 अप्रैल की दोपहर से शुरू होने वाले अखंड मानस पाठ की पूर्णाहुति 6 अप्रैल को श्री रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला के सूर्य तिलक के साथ की जाए। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रामनवमी और बासंतिक नवरात्रि की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुंभरी देवी मंदिर (सहारनपुर), विंध्यवासिनी देवी धाम (मिर्जापुर) जैसे प्रमुख शक्तिपीठों पर भारी संख्या में श्रद्धालु आएंगे।
इसके अलावा, अयोध्या में श्री रामलला के सूर्य तिलक का दर्शन करने के लिए देशभर से लोग पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। बता दें कि 30 मार्च से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है और 6 अप्रैल को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा।