Ram Rahim Parole: गुरमीत राम रहीम को फिर मिली 40 दिन की पैरोल, रेप मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 15वीं बार आएगा जेल से बाहर

Ram Rahim Parole: बलात्कार के मामले में हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से कुल 14 बार जेल से बाहर आ चुका है। बलात्कार के मामले में 2017 में उसे 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी

अपडेटेड Jan 04, 2026 पर 3:47 PM
Story continues below Advertisement
राम रहीम को 2017 में अपनी दो शिष्याओं के साथ बलात्कार के आरोप में दोषी ठहराया गया था

Ram Rahim Parole: अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहे और हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को रविवार (4 दिसंबर) को फिर से 40 दिन की पैरोल मिल गई। रेप मामले में 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद वह 15वीं बार जेल से बाहर आएगा। सिंह को इससे पूर्व पिछले साल अगस्त में 40 दिन की पैरोल मिली थी। सिंह को अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के मामले में 2017 में 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।

डेरा प्रमुख और तीन अन्य लोगों को 16 साल से अधिक समय पहले एक पत्रकार की हत्या के मामले में 2019 में दोषी ठहराया गया था। सिंह को पिछले साल अगस्त में पैरोल के अलावा अप्रैल में 21 दिन की फरलो और पांच फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले जनवरी में 30 दिन की पैरोल भी दी गई थी। इसी तरह, सिंह को अक्टूबर, 2024 को 20 दिन की पैरोल दी गई थी जो कि पांच अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले दी गई थी।

अगस्त 2024 में सिंह को 21 दिन की फरलो मिली थी और उसे सात फरवरी, 2022 से भी तीन सप्ताह की फरलो की अनुमति मिली थी जो कि पंजाब विधानसभा चुनाव से महज दो सप्ताह पहले दी गई थी। इस हालिया पैरोल से पहले, सिंह 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से कुल 14 बार जेल से बाहर आ चुका है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति जैसी सिख संगठनों ने सिंह को राहत दिए जाने की आलोचना की है।


पिछले 13 अवसरों में जब सिंह जेल से बाहर रहा उनमें से कई बार वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले स्थित डेरा के आश्रम में रहा। सिरसा मुख्यालय वाले डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों में कई अनुयायी हैं। हरियाणा में डेरा के अनुयायियों की संख्या कई जिलों में काफी है, जिनमें सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल और हिसार शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- US Attack Venezuela: 'वेनेजुएला के राष्ट्रपति को तुरंत रिहा करें'; चीन ने अमेरिका से की निकोलस मादुरो को तुरंत छोड़ने की अपील

पिछली बार जब उसे 21 दिन और 40 दिन की पैरोल मिली थी, तब वह सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में ही रहा था। इस बार भी 40 दिन की पैरोल मिलने के बाद उसके सिरसा डेरे में ही रहने की संभावना जताई जा रही है। साल 2019 में पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने उसे पत्रकार रामचंद्र की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई थी। हालांकि, विपक्ष की तरफ से राम रहीम की पैरोल पर लगातार आपत्तियां उठती रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।