Credit Cards

'रामलीला 10 बजे खत्म नहीं हो सकती': दिल्ली में अब 12 बजे तक बजेंगे लाउडस्पीकर, सीएम ने दिए आदेश

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार (23 सितंबर) को कहा कि उनकी सरकार ने रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को देर रात तक जारी रखने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिल्ली में रामराज्य आना चाहिए। इसके लिए हम सभी को थोड़ा प्रयास करना चाहिए

अपडेटेड Sep 23, 2025 पर 3:48 PM
Story continues below Advertisement
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जोर देकर कहा कि दिल्ली में रामराज्य आना चाहिए

Delhi News: दिल्ली सरकार ने रामलीला, दुर्गा पूजा, दशहरा और संबंधित आयोजनों के दौरान लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति रात 12 बजे तक दे दी है। इस छूट को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मंजूरी दे दी। यह 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लागू रहेगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार (23 सितंबर) को कहा कि उनकी सरकार ने रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को देर रात तक जारी रखने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिल्ली में रामराज्य आना चाहिए। इसके लिए हम सभी को थोड़ा प्रयास करना चाहिए।

रेखा गुप्ता ने रामलीला और दुर्गा पूजा आयोजनों के लिए लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की समय सीमा बढ़ाने पर कहा कि मैं हमेशा देखती थी कि हिंदू उत्सवों में दिक्कत होती थी। रामलीला 10 बजे खत्म नहीं हो सकती। दुर्गा पूजा कभी 10 बजे खत्म नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि जब गुजरात में डांडिया रातभर चल सकता है या अन्य राज्यों में उत्सव रात भर चल सकते हैं तो दिल्ली वालों का क्या कसूर है। हमने 12 बजे तक की अनुमति सभी रामलीला, दुर्गा पूजा पंडालों और धार्मिक उत्सवों की दी है। ईश्वर की कृपा हम सभी पर बनी रहे।


रेखा गुप्ता ने कहा, "मैं हमेशा कहती थी कि हमारे हिंदू त्योहारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कौन सी रामलीला रात 10 बजे खत्म होती है? दुर्गा पूजा रात 10 बजे खत्म हो ही नहीं सकती। जब गुजरात में पूरी रात डांडिया हो सकता है और रात भर कार्यक्रम हो सकते हैं, तो दिल्ली वालों का क्या कसूर है?" उन्होंने कहा, "इसीलिए इस बार हमने रात 12 बजे तक की अनुमति दी है। अब सभी रामलीला, दुर्गा पूजा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक हो सकेंगे।"

ये भी पढ़ें- Azam Khan Release: आजम खान 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा, अखिलेश यादव बोले- 'सपा सरकार बनने पर सभी केस वापस होंगे'

इस विस्तार के तहत, ध्वनि प्रदूषण नियमों के पालन के अधीन समय सीमा रात 10 बजे से बढ़ाकर देर रात 12 बजे कर दी गई है। आवासीय क्षेत्रों में आयोजकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि ध्वनि का स्तर 45 डेसिबल से अधिक न हो। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस कदम के लिए मुख्यमंत्री और राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामलीला समितियां लंबे समय से यह मांग कर रही थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।