चंडीगढ़ की तर्ज पर चमकेगी रांची! 30 करोड़ से बनेंगे 3 इको-फ्रेंडली पार्क, जानें क्या होंगी सुविधाएं

योजना के मुताबिक इन पार्कों का निर्माण दो मुख्य हिस्सों में किया जाएगा। पैकेज-दो के तहत मंत्रियों के आवास से आगे करीब 3.98 एकड़ जमीन पर एक शानदार कम्युनिटी पार्क बनाया जाएगा।

अपडेटेड Oct 11, 2026 पर 5:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जुडको की तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इन पार्कों में आने वाले लोगों को घूमने-फिरने और मनोरंजन के लिए 25 से भी ज्यादा आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

झारखंड की राजधानी रांची के दिन अब और भी ज्यादा संवरने वाले हैं। रांची शहर जल्द ही अपनी खूबसूरती के मामले में चंडीगढ़ की तरह चमकता हुआ नजर आएगा। झारखंड सरकार ने राजधानी के स्मार्ट सिटी इलाके में शहरवासियों को विश्वस्तरीय सौगात देने की तैयारी कर ली है। इसके तहत लगभग 30 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तीन नए और भव्य इको-फ्रेंडली पार्क बनाए जाएंगे। इन पार्कों के निर्माण की जिम्मेदारी जुडको (JUDCO) को सौंपी गई है और इसका DPR यानी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार किया जा चुका है। विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जल्द से जल्द टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं, ताकि काम तेजी से शुरू हो सके।

कहां और कैसे बनेंगे ये नए पार्क?

योजना के मुताबिक इन पार्कों का निर्माण दो मुख्य हिस्सों में किया जाएगा। पैकेज-दो के तहत मंत्रियों के आवास से आगे करीब 3.98 एकड़ जमीन पर एक शानदार कम्युनिटी पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा सिविक टावर के पास लगभग 3.19 एकड़ जमीन पर एक खूबसूरत इको पार्क तैयार किया जाएगा। इन सभी पार्कों को पूरी तरह इको-फ्रेंडली और आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जा रहा है, जिन पर कुल मिलाकर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।


पार्कों में मिलेंगी 25 से अधिक आधुनिक सुविधाएं

जुडको की तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इन पार्कों में आने वाले लोगों को घूमने-फिरने और मनोरंजन के लिए 25 से भी ज्यादा आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इस पार्क में भव्य प्रवेश द्वार, गाड़ी पार्क करने के लिए बड़ा पार्किंग एरिया, गार्ड रूम, घूमने के लिए खूबसूरत पाथ-वे, पौधे लगाने के लिए प्लांटर बॉक्स, हरा-भरा ग्रीन स्पेस, फ्लोटिंग सॉइल माउंट, स्टेपिंग स्टोन, भूलभुलैया (मेज), गार्डन आर्क, स्कल्पचर प्लेटफॉर्म, आकर्षक ब्रिज और लजीज व्यंजनों के लिए रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। इसके साथ ही सेहत का ध्यान रखने के लिए ओपन जिम, बच्चों के खेलने के लिए चिल्ड्रेन प्ले एरिया, फाउंटेन, तालाब, स्टेप्ड फाउंटेन, फ्लावर बेड, बैठने की सुंदर व्यवस्था, परगोला, गजीबो, पेबल बेड और सुंदर हेज की बाउंड्री जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इको पार्क का खास आकर्षण

इको पार्क में भी प्रवेश द्वार, पार्किंग, पाथ-वे, ग्रीन एरिया, गजीबो, पॉली हाउस, स्कल्पचर प्लेटफॉर्म, गार्डन आर्क, परगोला, एनिमल स्कल्पचर, तालाब, सर्कुलर सिटिंग, बैडमिंटन कोर्ट, चिल्ड्रेन प्ले एरिया, ओपन जिम, स्टेप्ड सिटिंग, रेस्टोरेंट और स्क्वायर पैवेलियन के साथ-साथ कमल के फूलों का एक विशेष तालाब और खूबसूरत फव्वारे बनाए जाएंगे।

समाज के हर वर्ग के लिए होगा कुछ खास

विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जानकारी दी है कि इन इको पार्कों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें समाज के हर आयु वर्ग और हर शख्स के लिए कुछ न कुछ खास जरूर होगा। युवाओं के लिए पार्क में बने रेस्टोरेंट में क्वालिटी टाइम बिताने का मौका होगा तो वहीं बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरामदायक वॉकिंग स्ट्रीट और बैठने के लिए बेंच की खास व्यवस्था रहेगी। जो लोग अपनी फिटनेस को लेकर जागरूक हैं, उनके लिए आधुनिक उपकरणों से लैस ओपन जिम होगा और छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले व खेलकूद की जगह बनाई जाएगी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी की जरूरत को ध्यान में रखकर इन पार्कों का पूरा प्लान तैयार किया गया है।

रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।