Rising Bharat Summit : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत का बलूचिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने में कोई हाथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत पर उंगली इसलिए उठा रहा है क्योंकि वह बलूचिस्तान की स्थिति को संभालने में नाकाम रहा है। उन्होंने नई दिल्ली में राइजिंग भारत समिट में नेटवर्क 18 समूह के एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी से बात करते हुए कहा,"पाकिस्तान, बलूचिस्तान के लिए भारत को दोषी ठहराता है,क्योंकि वे इसे संभाल नहीं सकता...इस स्थिति के लिए किसी को दोषी ठहराना जरूरी है और दूसरों पर उंगली उठाना उनके लिए बहुत आसान और सुविधाजनक है। उन्हें समाधान तलाशना चाहिए।"
बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक सहित पाकिस्तानी धरती पर हुए कई हमलों के बाद पाकिस्तान ने दावा किया है कि यह भारत है जो देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है।
बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत इसमें हस्तक्षेप नहीं करता क्योंकि यह उनका (पाकिस्तान का) आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा, "भारत बलूचिस्तान का समर्थन करता है या नहीं (स्वतंत्रता के लिए) इसका सवाल ही नहीं उठता। इसमें भारत का दखल नहीं है... यह उनकी समस्या है,उन्हें इससे निपटने दें।"
अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान के कुछ प्रांत वहां की सरकार से नाखुश हैं लेकिन भारत इसे सुधार नहीं सकता। इस समिट के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत का है और हमारे पास इस मामले में मजबूत कानूनी आधार है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह सिर्फ हमारा दावा नहीं है, बल्कि उचित साक्ष्यों के आधार पर हमारा दृढ़ विश्वास है कि PoK हमारा है...ऐतिहासिक दस्तावेज भी यही गवाही देते हैं। हमारे पास इस मामले में मजबूत कानूनी साक्ष्य हैं कि PoK हमारा है। भारत का रुख कई सालों से स्पष्ट है।"