Riyadh Air India Debut: भारत में सऊदी की 'रियाद एयर' की एंट्री, 4 अगस्त से मुंबई के लिए पहली डेली फ्लाइट, जानिए पूरा शेड्यूल

बता दें कि, ये फ्लाइट मुंबई से उड़ान (RX0698) रात 10:05 बजे रवाना होकर रात 11:50 बजे रियाद पहुंचेगी। वहीं, वापसी की उड़ान (RX0697) रियाद से दोपहर 2:05 बजे उड़ान भरेगी और शाम 8:35 बजे मुंबई पहुंचेगी। एयरलाइन का कहना है कि इस नई उड़ान का मकसद भारत और सऊदी अरब के बीच बढ़ती यात्रा की मांग को पूरा करना है

अपडेटेड Jul 06, 2026 पर 3:38 PM
रियाद एयर ने भारत के लिए अपनी पहली फ्लाइट की टिकट बुकिंग शुरू कर दी है।

रियाद एयर ने भारत के लिए अपनी पहली फ्लाइट की टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। एयरलाइन 4 अगस्त 2026 से मुंबई और रियाद के बीच डेली डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करेगी। इसके साथ ही रियाद एयर का नेटवर्क बढ़कर नौ शहरों तक पहुंच जाएगा। ये फ्लाइट मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलेगी। इसके लिए मॉर्डन बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर फ्लाइट का इस्तेमाल किया जाएगा।

फ्लाइट की होगी ये टाइमिंग

बता दें कि, ये फ्लाइट मुंबई से उड़ान (RX0698) रात 10:05 बजे रवाना होकर रात 11:50 बजे रियाद पहुंचेगी। वहीं, वापसी की उड़ान (RX0697) रियाद से दोपहर 2:05 बजे उड़ान भरेगी और शाम 8:35 बजे मुंबई पहुंचेगी। एयरलाइन का कहना है कि इस नई उड़ान का मकसद भारत और सऊदी अरब के बीच बढ़ती यात्रा की मांग को पूरा करना है। साथ ही यात्री रियाद के रास्ते लंदन, मैड्रिड, जेद्दा और काहिरा जैसे शहरों के लिए भी आसानी से आगे की उड़ान पकड़ सकेंगे।


रियाद एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टोनी डगलस ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में शामिल है। ऐसे में मुंबई से रियाद और वहां से यूरोप के कई शहरों तक यात्रियों को एक बेहतर और प्रीमियम यात्रा विकल्प देना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि इस रूट को एयरलाइन के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार करने और सऊदी अरब के 'विजन 2030' कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

चार कैटेगरी की होंगी टिकट

6 जुलाई से इस उड़ान के टिकटों की बुकिंग एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू हो गई है। बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान में यात्रियों के लिए चार तरह की सीटें होंगी—बिज़नेस एलीट, बिज़नेस, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी। सभी यात्रियों को ब्लूटूथ ऑडियो, यूएसबी चार्जिंग और आधुनिक इन-फ्लाइट मनोरंजन सिस्टम की सुविधा मिलेगी। इसमें फिल्में, टीवी कार्यक्रम और संगीत का आनंद लिया जा सकेगा। एयरलाइन के अनुसार, बिज़नेस एलीट और बिज़नेस क्लास में 1-2-1 व्यवस्था के साथ पूरी तरह लेटने वाली सीटें होंगी। वहीं, प्रीमियम इकोनॉमी में 2-3-2 और इकोनॉमी क्लास में 3-3-3 सीटों की व्यवस्था रहेगी।

रियाद एयर अपने 'स्फीयर' लॉयल्टी प्रोग्राम में भी यात्रियों को शामिल होने का मौका दे रही है। इस योजना से जुड़ने वाले यात्रियों को कई खास सुविधाएं मिलेंगी। इनमें मुफ्त ऑनबोर्ड वाई-फाई, कभी खत्म न होने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स और परिवार या दोस्तों के साथ पॉइंट्स साझा करने की सुविधा शामिल है। एयरलाइन ने बताया कि जो यात्री शुरुआत में ही इस प्रोग्राम से जुड़ेंगे, उन्हें "फाउंडर्स" सदस्य का दर्जा मिलेगा। ऐसे सदस्यों को नई उड़ानों की बुकिंग में प्राथमिकता भी दी जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।