छत पर लगाएं रूफटॉप सोलर और पाएं महंगे बिजली बिल से छुटकारा, एक्सपर्ट से जानें Rooftop Solar प्लांट लगाने के 10 आसान स्टेप्स
Rooftop Solar Installation Guide: घरेलू उपभोक्ता भारत सरकार की PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojana के माध्यम से रूफटॉप सोलर लगाने से पहले सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। रूफटॉप सोलर योजना और इंस्टॉलेशन के साथ 20–25 वर्षों तक बिजली उत्पादन कर सकता है। साथ ही बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकता है
Rooftop Solar Installation Guide: बड़ी संख्या में लोग अब अपने घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की ओर रुख कर रहे हैं
Rooftop Solar Installation Guide: प्रचंड गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर (AC), कूलर और पंखों के लगातार उपयोग से बिजली का बिल काफी बढ़ जाता है। इससे आम लोगों का बजट प्रभावित होता है। लगातार बढ़ती बिजली दरों के बीच बड़ी संख्या में लोग अब अपने घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की ओर रुख कर रहे हैं। सरकार भी विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। इसके तहत उपभोक्ताओं को आकर्षक सब्सिडी का लाभ मिल सकता है।
घरेलू उपभोक्ता भारत सरकार की PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojana के माध्यम से सब्सिडी के लिए अप्लाई कर सकते हैं। रूफटॉप सोलर सही योजना और इंस्टॉलेशन के साथ 20–25 वर्षों तक बिजली उत्पादन कर सकता है। साथ ही बिजली बिल में भारी कमी ला सकता है।
रूफटॉप सोलर क्या है?
रूफटॉप सोलर (Rooftop Solar) वह सिस्टम है जिसमें आपकी छत पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं और उनसे उत्पन्न बिजली सीधे आपके घर में उपयोग होती है। अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है, जिसे नेट मीटरिंग कहते हैं।
फिर भी, बहुत से लोग यह नहीं जानते कि घर पर सोलर प्लांट लगाने की सही प्रक्रिया क्या है। इसके लिए कौन-कौन सी तैयारियां आवश्यक हैं और अपनी जरूरत के अनुसार सही सिस्टम का चयन कैसे किया जाए। इसी विषय पर सोलर ऊर्जा विशेषज्ञ ओंकार सिंह राजपुरोहित ने एक विस्तृत मार्गदर्शिका साझा की है।
कैसे करता है काम?
सोलर पैनल- सूर्य की रोशनी को बिजली में बदलते हैं।
इन्वर्टर- DC बिजली को AC बिजली में बदलता है।
माउंटिंग स्ट्रक्चर- पैनलों को छत पर मजबूती से लगाता है।
नेट मीटर- ग्रिड से ली गई और ग्रिड को भेजी गई बिजली का हिसाब रखता है।
सुरक्षा उपकरण- MCB, SPD, Earthing आदि।
रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की पूरी प्रक्रिया को 10 आसान चरणों में कैसे समझा जा सकता है:-
1. बिजली की खपत का विश्लेषण करें
अपने पिछले 12 महीनों के बिजली बिल देखें और औसत मासिक यूनिट खपत का पता लगाएं।
2. छत का निरीक्षण करें
यह सुनिश्चित करें कि छत पर पर्याप्त जगह हो और दिनभर अच्छी धूप मिलती हो।
3. सही क्षमता (kW) का चयन करें
अपनी बिजली खपत के आधार पर 1 kW, 3 kW, 5 kW या उससे बड़ी क्षमता का सिस्टम चुनें।
4. सिस्टम का प्रकार चुनें
ऑन-ग्रिड (On-Grid)
ऑफ-ग्रिड (Off-Grid)
हाइब्रिड (Hybrid)
5. विश्वसनीय विक्रेता/इंस्टॉलर चुनें
अनुभवी और प्रमाणित सोलर कंपनी से संपर्क करें।
6. लागत और सब्सिडी की जानकारी लें
सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सब्सिडी का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझें।
7. तकनीकी सर्वे कराएं
इंस्टॉलर द्वारा साइट सर्वे कराया जाता है, जिसमें छत, वायरिंग और लोड क्षमता की जांच होती है।
8. सोलर सिस्टम की स्थापना
पैनल, इन्वर्टर, माउंटिंग स्ट्रक्चर और सुरक्षा उपकरण लगाए जाते हैं।
9. नेट मीटरिंग की प्रक्रिया पूरी करें
स्थानीय बिजली वितरण कंपनी (DISCOM) से नेट मीटर लगवाएं ताकि अतिरिक्त बिजली का समायोजन हो सके।
10. परीक्षण और रखरखाव
सिस्टम चालू होने के बाद नियमित सफाई, निरीक्षण और प्रदर्शन की निगरानी करें।
छत पर कितनी जगह चाहिए?
1 kW → 80–100 वर्ग फुट
3 kW → 250–300 वर्ग फुट
5 kW → 400–500 वर्ग फुट
10 kW → 800–1000 वर्ग फुट
छत पर दिनभर पर्याप्त धूप आनी चाहिए और छाया कम होनी चाहिए।
बिजली बिल में कितनी बचत?
सामान्यतः 70%-100% तक बिजली बिल कम हो सकता है।
कई घरों में निवेश 3–6 वर्षों में वसूल हो जाता है।
पैनलों की आयु लगभग 25 वर्ष या उससे अधिक होती है।
नेट मीटरिंग कैसे काम करती है?
दिन में यदि आपका सोलर सिस्टम घर की जरूरत से ज्यादा बिजली बनाता है, तो अतिरिक्त बिजली ग्रिड में चली जाती है। रात में आप ग्रिड से बिजली लेते हैं। महीने के अंत में दोनों का समायोजन होता है।