'मैंने 15 औरतों को मारा नहीं उन्हें मोक्ष दिलाया' गोवा में दो महिलाओं की हत्या करने वाले रशियन नागरिक का बड़ा दावा

पीड़ित दो महिलाओं की पहचान एलेना वानीवा और एलेना कास्थानोवा के रूप में हुई है। दोनों रूसी नागरिक थीं और आरोपी की दोस्त थीं। उनमें से एक, एलेना कास्थानोवा, जो एक फायर डांसर थीं, उसने आरोपी से कुछ पैसे और एक फायर क्राउन उधार लिया था। डांसर सिर पर आग लगाने के लिए इस फायर क्राउन का इस्तेमाल करते हैं

अपडेटेड Jan 20, 2026 पर 6:21 PM
Story continues below Advertisement
गोवा में दो महिलाओं की हत्या करने वाले रशियन नागरिक का बड़ा दावा

गोवा में एक रशियन नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद ये दावा किया है कि उसने 15 महिलाओं की हत्या की है। आरोपी के शब्दों में कहें- 'मैंने उन्हें मारा नहीं बल्कि उन्हें मोक्ष दिलाया है'। हालांकि, पुलिस को सिर्फ दो महिलाओं की हत्या के मामलों को पता चला है। ये दोनों ही महिलाएं रशियन हैं। गोवा पुलिस ने बताया कि रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव ने उधार लिए गए पैसों और एक रबर क्राउन को लेकर इन महिलाओं की हत्या की है।

पीड़ित दो महिलाओं की पहचान एलेना वानीवा और एलेना कास्थानोवा के रूप में हुई है। दोनों रूसी नागरिक थीं और आरोपी की दोस्त थीं। उनमें से एक, एलेना कास्थानोवा, जो एक फायर डांसर थीं, उसने आरोपी से कुछ पैसे और एक फायर क्राउन उधार लिया था। डांसर सिर पर आग लगाने के लिए इस फायर क्राउन का इस्तेमाल करते हैं।

आरोपी खुद भी एक फायरवर्क आर्टिस्ट था। सूत्रों के अनुसार, दूसरी महिला ने भी उससे पैसे उधार लिए थे। हालांकि, दोनों पीड़ित महिलाएं एलेक्सी को पैसे और क्राउन लौटा पाईं। सूत्रों के मुताबिक, इसी बात से भड़ककर उसने 14 और 15 जनवरी को दो अलग-अलग दिनों में उनके कमरों में उनका गला काट दिया।


इसके बाद पुलिस को मंड्रेम इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। फिर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआती पूछताछ में ही उसने दो महिलाओं की हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की।

पुलिस के सामने आरोपी ने दावा किया कि उसने 15 रशियन महिलाओं को ‘मोक्ष’ दिलाया है। वह हत्या को गुनाह नहीं बल्कि एक धार्मिक क्रिया मान रहा है। हालांकि, पुलिस को शक है कि वह जांच भटकाने के लिए ऐसे दावे कर रहा है। अभी केवल दो महिलाओं के शवों से जुड़े सुराग मिले हैं।

सूत्रों के अनुसार, ये हत्याएं "पूर्व नियोजित" नहीं थीं, बल्कि "उत्तेजित होकर की गई हत्याएं" थीं। सूत्रों ने बताया कि अलेक्सी "बेहद जुनूनी" था और आसानी से भड़क उठता था।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी अपराध के समय नशे में था।

जहां एक ओर बबल आर्टिस्ट रहीं एलेना वनेवा 10 जनवरी को गोवा पहुंची थीं, वहीं कास्ताननोवा पिछले साल 25 दिसंबर से ही गोवा में थीं और गिरफ्तार आरोपी के साथ रह रही थीं। सूत्रों के अनुसार, दोनों देश के कई हिस्सों में काम करती थीं और अक्सर गोवा आती-जाती रहती थीं।

अलेक्सी लियोनोव के पास भारत का लॉन्ग टर्म वीजा

सूत्रों के अनुसार, अलेक्सी के पास भारत का लॉन्ग टर्म वीजा था और वह काम के लिए देश के कई शहरों में रह चुका था। वह अक्सर गोवा आता-जाता रहता था और पिछले साल दिसंबर में वापस आया था।

सूत्रों ने बताया कि अलेक्सी छोटे-मोटे काम करता था और दिनभर यात्रा करता रहता था। आरोपी लगभग एक महीने से बेरोजगार है।

सीरियल किलर?

गोवा पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने दावा किया कि उसने पांच और लोगों की हत्या की है, जिनसे उसका विवाद था और उसने उनके नाम भी बताए। लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसके बताए गए सभी पांचों लोग जिंदा हैं।

सूत्रों ने बताया कि एलेक्सी मानसिक रूप से बीमार है और हमेशा नशे में रहता है।

गोवा पुलिस को आरोपी के फोन से 100 से ज्यादा महिलाओं और दो पुरुषों की तस्वीरें भी मिलीं।

पुलिस के अनुसार, वह लोगों से जल्दी चिढ़ जाता था, लेकिन उनसे जल्दी दोस्ती भी कर लेता था। अतीत में, वह गोवा में कुछ पुरुषों के साथ मारपीट के मामलों में शामिल था, लेकिन उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।

असम के कोकराझार में युवक की हत्या के बाद जबरदस्त हिंसा! आगजनी और विरोध-प्रदर्शन में दो लोगों की मौत, इंटरनेट सस्पेंड

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।