Samrat Choudhary Crime Remark: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार (3 अक्टूबर) को कहा कि राज्य में अपराध खत्म हो गया है, हालांकि कुछ 'क्राइम' हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। बिहार में कोई अपराधी नहीं है। उनके इस कथित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं और अन्य यूजर्स ने चुटकी ली।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में चौधरी ने कहा, "हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट (अवधारणा) ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं... कोई अपराधी नहीं है।" उनके इस बयान से कई लोग हैरान रह गए कि आखिर उनका मतलब क्या था।
विपक्षी पार्टियां हुईं हमलावर
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म X पर लिखा, "हमारे यहां कोई ग़रीबी नहीं है ग़रीबी का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। गरीबी है लेकिन गरीबी नहीं है।" वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने चौधरी को बिहार को बर्बाद करने की सुपारी दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सम्राट चौधरी कहते सुनाई दे रहे हैं, "बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं।" हालांकि, मनीकंट्रोल हिंदी वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई है। लोग इसके आशय पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री के बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए तंज कसते हुए लिखा, "बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, 'अपराध' नहीं!" तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें प्रधानमंत्री द्वारा चयनित मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने सम्राट चौधरी पर सात हत्याओं का आरोपी होने का आरोप भी लगाया।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ काम करके खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की जिम्मेदारी ले रखी है। मुख्यमंत्री के इस कथित बयान और उस पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया के बाद बिहार में अपराध तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
चिराग पासवान का आया रिएक्शन
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से जब चौधरी के बयानों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस राजनीतिक विवाद में पड़ने से इनकार कर दिया। हालांकि, बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री के तरीके का समर्थन किया। पासवान ने कहा कि चूंकि चौधरी मुख्यमंत्री और गृह मंत्री दोनों हैं, इसलिए उनके पास अपने दावे के समर्थन में तथ्य और आंकड़े जरूर होंगे।
उन्होंने कहा, "वह गृहमंत्री हैं। हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। यकीनन उनके पास आंकड़े होंगे। और एक बिहारी होने के नाते मैं तो यह मानना ही चाहूंगा कि बिहार से क्राइम, अपराध, अपराधी सब समाप्त हों... बिहार एक सुरक्षित राज्य बने। 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' बनाने की सोच के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में सेंस ऑफ सिक्योरिटी अगर हमारा राज्य पूरे विश्वास के साथ दे पाएगा, तो और ज्यादा निवेशक बिहार आएंगे।"