IMD Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान में 18 से 21 मई के बीच कुछ इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है, जबकि उत्तर प्रदेश में 18 से 19 मई के बीच लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 17 से 21 मई के बीच लू चलने का अनुमान लगाया है।
इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान में 16 से 21 मई के बीच, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 16 से 21 मई के बीच, छत्तीसगढ़ में 18 से 21 मई के बीच और झारखंड में 16 से 18 मई के बीच लू चल सकती है। महाराष्ट्र के अमरावती में 15 मई को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर-पश्चिमी भारत में 16 मई को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 21 मई तक अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में 18 मई तक 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
उत्तर-पूर्वी भारत में 16-17 मई के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट से लेकर बड़े स्तर पर बारिश, गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 16-21 मई के बीच छिटपुट भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
वही, पूर्वी भारत में 16 से 18 मई के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान (थंडरस्क्वॉल) आने की संभावना है, जिसमें हवा की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा होगी और झोंकों में यह 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बिहार में यह स्थिति 16 और 20-21 मई को, जबकि झारखंड में 17-18 मई को देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 16 से 18 मई के बीच कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मध्य भारत में 16-17 मई के बीच छत्तीसगढ़ में छिटपुट बारिश, गरज के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 18-19 मई को अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
पश्चिमी भारत में 16-17 मई के बीच कोंकण-गोवा और 16-18 मई के बीच मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। 16 मई को कोंकण-गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 16 से 19 मई के बीच केरल-माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है, हालांकि इसमें ±4 दिन का अंतर हो सकता है।
केरल तट और लक्षद्वीप क्षेत्र में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 60 किमी/घंटा तक के झोंके आने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी सोमालिया तट पर 45-55 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और 65 किमी/घंटा तक के झोंके आने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, दक्षिणी बंगाल की खाड़ी, पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 16 से 19 मई के बीच ऐसी ही स्थिति रहेगी। मछुआरों को इन क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी जाती है।