CM Siddaramaiah Resign: सीएम सिद्धारमैया 28 मई को दे सकते हैं इस्तीफा, डीके शिवकुमार को मिलेगी कर्नाटक की कमान?

CM Siddaramaiah Resign: सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 28 मई को अपना इस्तीफ़ा दे सकते हैं। इसके बाद शनिवार 30 मई को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक होने की उम्मीद है। सिद्धारमैया और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को राज्य में नेतृत्व को लेकर चल रही लगातार कलह को खत्म करने के लिए दिल्ली बुलाया गया था

अपडेटेड May 27, 2026 पर 10:49 AM
Story continues below Advertisement
CM Siddaramaiah Resign: सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं

CM Siddaramaiah Resign: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार यानी 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक में शीर्ष पद को लेकर चल रही खींचतान आखिरकार सुलझ गई है। कांग्रेस नेतृत्व ने सर्वसम्मति से डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार के दावे का समर्थन किया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को राज्यसभा सीट की पेशकश की गई है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने इस पर निर्णय लेने के लिए शीर्ष नेतृत्व से कुछ समय मांगा है।

कांग्रेस-शासित कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के गुरुवार को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने की उम्मीद है। एक और अहम घटनाक्रम में सिद्धारमैया के गुरुवार सुबह अपने आवास पर कर्नाटक कैबिनेट के सभी सदस्यों के लिए नाश्ते पर एक बैठक आयोजित करने की भी उम्मीद है।

इस कदम ने कर्नाटक में जल्द ही नेतृत्व बदलने की राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कल सुबह 9 बजे कावेरी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सीएम सिद्धारमैया द्वारा बुलाई गई नाश्ते की बैठक में शामिल होंगे।


शिवकुमार के साथ मतभेद खत्म?

NDTV को सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक में सबसे बड़े पद को लेकर चल रही खींचतान आखिरकार सुलझ गई है। कांग्रेस नेतृत्व ने सर्वसम्मति से डीके शिवकुमार के दावे का समर्थन किया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को राज्यसभा की एक सीट का प्रस्ताव दिया गया है। साथ ही उनसे दिल्ली से एक बड़ी राष्ट्रीय भूमिका निभाने के लिए कहा गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने इस पर फैसला लेने के लिए कुछ समय मांगा है।

सिद्धारमैया ने जाहिर तौर पर अपने वफादारों के साथ इस मामले पर चर्चा की है। इसके बाद उन्होंने घोषणा की है कि वह हाईकमान के फैसलों का पालन करेंगे। सूत्रों ने बताया कि वह गुरुवार सुबह में अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। कांग्रेस ने दावा किया था कि यह बैठक राज्य में राज्यसभा की तीन सीटों के बारे में थी। साथ ही मीडिया को अटकलें न लगाने की चेतावनी दी थी।

CM ने मंत्रिमंडल सहयोगियों की बैठक बुलाई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता सिद्धारमैया गुरुवार सुबह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों की नाश्ते पर एक अहम बैठक की मेजबानी कर सकते हैं। यह अटकलें तेज होती जा रही हैं कि सिद्धारमैया अगले एक-दो दिन में संभवतः गुरुवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं ताकि शिवकुमार के लिए रास्ता साफ हो सके। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब खबरें हैं कि कांग्रेस आलाकमान ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत देते हुए सिद्धारमैया को पार्टी में केंद्रीय भूमिका तथा राज्यसभा सीट की पेशकश की है।

हालांकि सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया ने अभी तक इस केंद्रीय भूमिका को स्वीकार नहीं किया है। सूत्रों का यह भी कहना है कि चूंकि यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया है। इसलिए सिद्धारमैया पद छोड़ने के लिए तैयार हो सकते हैं। मुख्यमंत्री पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा तो वह पद छोड़ देंगे।

हालांकि कांग्रेस ने मंगलवार को कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को महज अटकलबाजी बताया। कांग्रेस ने कहा कि केंद्रीय व राज्य नेतृत्व के बीच दिनभर चली बैठकों का उद्देश्य केवल राज्यसभा और विधान परिषद के आगामी चुनावों पर चर्चा करना था।

ये भी पढ़ें- DDA Karmayogi Awaas Yojana: DDA के 1, 2 और 3 BHK फ्लैट मिल रहे हैं धांसू 25% डिस्काउंट के साथ! इस स्कीम की फुल डिटेल जानिए

सिद्धारमैया और शिवकुमार को मंगलवार को पार्टी ने दिल्ली बुलाया था, जहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लगातार बैठकें हुईं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।