Mausam Update: देश के अलग अलग हिस्सों में मौसमी प्रणालियों के लगातार सक्रिय रहने से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के मुताबिलक रविवार 11 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी-तूफान चलने की चेतावनी जारी की है।
झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइनों का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल 11 अक्टूबर को झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। इन राज्यों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भी हल्की हवाओं और बादलों की लुकाछिपी का दौर बना रहेगा।
दक्षिण भारत के राज्यों में गरज-चमक के साथ 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और तटीय क्षेत्रों में मौसमी हलचल के कारण झमाझम गतिविधियों का असर जारी है। कल 11 अक्टूबर को दक्षिण भारत के प्रमुख तटीय और द्वीपीय क्षेत्रों में मौसम काफी सक्रिय रहेगा। केरल और माहे, लक्षद्वीप तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के अलग-अलग इलाकों में बादलों की तेज गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के मैदानी इलाकों में दिन भर तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी।
पूर्वोत्तर राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
पूर्वोत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में भी बादलों का डेरा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक कल 11 अक्टूबर को पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा राज्यों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी का अहसास
पश्चिम और दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों में नमी और तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक कल कोंकण व गोवा क्षेत्र तथा तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बेहद गर्म और उमस भरा बना रहने का अनुमान है। समुद्री और तटीय इलाकों में चल रही हवाओं के बावजूद समुद्र के भीतर स्थितियां अनुकूल और नियंत्रण में हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए समुद्र में जाने को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।