दिल्ली एयरपोर्ट पर तूफान का कहर, ग्राउंड इक्विपमेंट टकराने से एयर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त

Delhi Airport: रविवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण ग्राउंड सपोर्ट उपकरण टूटकर खड़े विमानों से टकरा गए, जिससे एयर इंडिया के तीन नैरोबॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए।

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 10:58 AM
दिल्ली एयरपोर्ट पर तूफान का कहर, एयर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त

Delhi Airport: रविवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण ग्राउंड सपोर्ट उपकरण टूटकर खड़े विमानों से टकरा गए, जिससे एयर इंडिया के तीन नैरोबॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए। एयरपोर्ट ऑपरेटर DIAL ने बताया कि यह घटना शाम करीब 4:40 बजे टर्मिनल-2 के पास पार्किंग बे में हुई।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि अचानक खराब हुए मौसम की वजह से एयर इंडिया और इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग और इंजीनियरिंग टीमों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली सीढ़ियां (स्टेप लैडर) और अन्य उपकरण तेज हवाओं के कारण उड़कर विमानों से टकरा गए, जिससे तीन विमानों को नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद प्रभावित एयर इंडिया के तीनों A320 विमानों को तुरंत सेवा से हटा दिया गया और उनकी जांच व मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। इनमें से दो विमानों के कुछ ही दिनों में सेवा में लौटने की उम्मीद है, जबकि एक विमान को काफी नुकसान पहुंचा है और वह लंबे समय तक उड़ान सेवा से बाहर रह सकता है।


एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने नहीं जारी की कोई चेतावनी

DIAL के अनुसार, तूफान आने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से न तो एयरपोर्ट ऑपरेटर और न ही एयरलाइंस को मौसम में अचानक बदलाव को लेकर कोई चेतावनी जारी की गई थी। आमतौर पर ऐसी चेतावनियां मिलने पर एयरलाइंस और ग्राउंड हैंडलिंग टीमें रनवे और पार्किंग क्षेत्र (टारमैक) पर मौजूद उपकरणों को सुरक्षित कर देती हैं।

एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण कई ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से हट गए और इस घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक सूत्र ने बताया कि विमान के सीढ़ी वाले हिस्से पर काफी असर पड़ा है, जिसके लिए व्यापक जांच और मरम्मत की आवश्यकता है।

हालांकि, एयरलाइन के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी को बताया कि एयर इंडिया के तीन विमानों के साथ-साथ अन्य ऑपरेटरों के विमान भी खराब मौसम से प्रभावित हुए हैं।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ महीने पहले भी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर एयर इंडिया के एक एयरबस A350 विमान को नुकसान पहुंचा था। उस समय घने कोहरे के बीच टैक्सींग (रनवे की ओर बढ़ते समय) के दौरान विमान के इंजन में एक असुरक्षित बैगेज कंटेनर चला गया था, जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया था।

यह भी पढ़ें: दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट तक बिना ट्रैफिक पहुंचेगी गाड़ियां! केंद्र सरकार कर रही इस योजना पर काम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।