चेन्नई: फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक से हड़कंप, 7 की मौत... 67 लोग अस्पताल में भर्ती

फैक्टरी में काम करने वाले अधिकांश मजदूर ओडिशा, झारखंड और बिहार समेत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए हुए थे। गैस लीक होने के बाद कई मजदूरों को सांस लेने में परेशानी, घबराहट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं। सभी प्रभावित लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है

अपडेटेड Jun 21, 2026 पर 5:37 PM
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में पेरीपालयम के पास एक सीफूड प्रोसेसिंग कारखाने में अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप मच गया।

Tamil Nadu Ammonia Leak: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में पेरीपालयम के पास एक सीफूड प्रोसेसिंग कारखाने में अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस रिसाव की चपेट में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिससे उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज करा रहे सात लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में 67 अन्य लोग गैस के प्रभाव से प्रभावित हुए हैं। गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए अरक्कोणम स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की चौथी बटालियन को तुरंत अलर्ट किया गया और राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर भेजा गया।

सात  लोगों की हुआ मौत

फैक्टरी में काम करने वाले अधिकांश मजदूर ओडिशा, झारखंड और बिहार समेत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए हुए थे। गैस लीक होने के बाद कई मजदूरों को सांस लेने में परेशानी, घबराहट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं। सभी प्रभावित लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। तमिलनाडु के डिजिटल सेवा मंत्री आर. कुमार ने बताया कि गैस रिसाव की घटना से 60 महिलाएं और 4 पुरुष प्रभावित हुए हैं। फैक्ट्री में इस्तेमाल की जा रही अमोनिया गैस को प्रोसेसिंग कार्यों के दौरान कूलेंट के रूप में उपयोग किया जाता था।


सीएम ने दिए जांच के आदेश 

मंत्री ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कंपनी के दो मालिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। साथ ही, अमोनिया गैस लीक होने के कारणों की जांच की जा रही है, ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

अमोनिया गैस लीक की घटना की जांच के लिए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। सरकार ने समिति को 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इस जांच समिति में औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक, तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक शामिल होंगे। समिति घटना के कारणों, सुरक्षा मानकों में हुई किसी भी चूक और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच करेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।