तमिलनाडु चुनाव को लेकर बीजेपी की तैयारियां काफी तेजी से चल रही है। भाजपा अपने सहयोगी एआईएडीएमके के साथ मिलकर चुनावी मैदान में कमर कसती हुई नजर आ रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार 3 अप्रैल को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एआईएडीएमके के साथ सीट साझा समझौते के तहत 27 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी के कई बड़े और चर्चित चेहरे शामिल हैं।
बीजेपी की ओर से जारी इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री (राज्य) और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एल. मुरुगन को अविनासी (SC) विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने उन्हें एक प्रमुख चेहरे के तौर पर चुनाव मैदान में उतारते हुए दलित और पश्चिमी तमिलनाडु क्षेत्र पर फोकस दिखाया है। वहीं तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। कोयंबटूर नॉर्थ से वानती श्रीनिवासन, सत्तूर से नैनार नागेंद्रन, नागरकोइल से एम.आर. गांधी और विलावनकोड से विजयधारणी का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है।
लिस्ट में अन्नामलाई का नाम नहीं
वहीं बीजेपी की ओर से जारी इस लिस्ट में सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का नाम शामिल नहीं किया गया है। जानकारी के मुताबिक के. अन्नामलाई इस बार विधानसभा चुनाव लड़ते नजर नहीं आएंगे। बता दें कि, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बीजपी अपने सहयोगी एआईएडीएमके के साथ उतरी है। एआईएडीएमके के साथ सीट बंटवारे में बीजेपी को 27 सीटें मिली हैं। इन सीटों में मायलापुर, अविनासी, कोयंबटूर नॉर्थ, नागरकोइल, विलावनकोड, रामनाथपुरम सहित शहरी, पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को एक ही चरण में होगा। वहीं मतगणना 4 मई को की जाएगी। बता दें कि, तमिलनाडु के चुनाव में सियासी मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है, जिसमें सत्ता में मौजूद द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) अपने सत्ता बनाए रखने की कोशिश करेगी, जबकि विपक्ष में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम (AIADMK) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एकजुट मोर्चा चुनौती पेश करेगा।