Tej Pratap Yadav: राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार से निकाले जाने के एक महीने बाद तेजप्रताप यादव सोमवार को अनुष्का यादव से मुलाकात करने उनके घर पहुंचे। वहीं अनुष्का यादव से मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब भी दिया। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, "मेरा पारिवारिक रिश्ता है, इसलिए मिलने आया हूं। कोई रोक थोड़े देगा।" बता दें कि अनुष्का यादव, वही महिला हैं, जिनका तेज प्रताप यादव के साथ 12 साल से रिश्ते में होने का दावा किया गया था।
मुलाकात के बाद कही ये बात
अनुष्का यादव से मुलाकात के बाद तेज प्रताप ने मीडिया से कहा, "हमारे पारिवारिक रिश्ते हैं, इसलिए मैं उनसे मिलने आया। मुझे कहीं आने-जाने से कोई नहीं रोक सकता। मैं सभी के संपर्क में हूं।" बता दें कि मई में एक फेसबुक पोस्ट में तेज प्रताप और अनुष्का की एक तस्वीर शेयर की गई थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों पिछले 12 साल से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं। उसी के बाद यह मामला चर्चा में आया था।
बिहार के राजनीति में मची थी हलचल
जब तस्वीर वायरल हुई, तो बिहार की राजनीति में हलचल मच गई, खासकर तब जब विधानसभा चुनाव कुछ ही महीने दूर थे। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने सफाई देते हुए कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था। हालांकि, तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। तेज प्रताप के पिता और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। उन्होंने तेज प्रताप के व्यवहार को "गैर-ज़िम्मेदाराना" बताया और कहा कि उनकी सार्वजनिक गतिविधियां "परिवार के मूल्यों के खिलाफ हैं" और "सामाजिक न्याय के हमारे संघर्ष को नुकसान पहुंचा रही हैं।"
पूर्व पत्नी ने लगाए थे ये आरोप
इस घटना के बाद तेज प्रताप और अनुष्का यादव की कई और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। इन पर उनकी पूर्व पत्नी ऐश्वर्या राय ने भी प्रतिक्रिया दी, जिससे मामला और चर्चा में आ गया। ऐश्वर्या राय ने कहा, "अब सबको सच्चाई पता चल गई है। अगर लोगों को पहले से सब कुछ पता था, तो फिर उससे मेरी शादी क्यों करवाई गई? उसने मेरी ज़िंदगी क्यों बर्बाद की?" तेज प्रताप और ऐश्वर्या राय ने 2018 में शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही उनके बीच मतभेद शुरू हो गए और तेज प्रताप ने तलाक की अर्जी दाखिल कर दी, जो अब तक अदालत में लंबित है।