Tej Pratap Yadav: 'RJD का JJD में विलय होगा...'; पिता लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा

Tej Pratap Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पत्रकारों के किसी सवालों का जवाब नहीं दिया। लेकिन उनके भोज में भाग लेने से परिवार में सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं। तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि RJD का उनकी पार्टी JJD में विलय होगा

अपडेटेड Jan 14, 2026 पर 8:18 PM
Story continues below Advertisement
Tej Pratap Yadav: कुछ महीने पहले ही लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को RJD से निष्कासित कर दिया था

Tej Pratap Yadav News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद बुधवार (14 जनवरी) को अपने बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल (JJD) प्रमुख तेज प्रताप यादव के आवास पर आयोजित मकर संक्रांति के भोज में शामिल हुए। हालांकि, इससे कुछ महीने पहले ही उन्होंने तेज प्रताप को RJD से निष्कासित कर दिया था। साथ ही उनसे सभी व्यक्तिगत संबंध तोड़ लेने की घोषणा की थी। निष्कासन के बाद अपनी नई पार्टी बनाने वाले तेज प्रताप यादव ने मंगलवार रात अपने माता-पिता और छोटे भाई तेजस्वी यादव से मुलाकात कर उन्हें 'दही-चूड़ा' भोज का निमंत्रण दिया था।

हालांकि, परिवार से केवल लालू प्रसाद ही भोज में पहुंचे। उम्र और कई स्वास्थ्य समस्याओं के चलते इस वक्त घर में ही रह रहे लालू यादव ने पत्रकारों के किसी भी सवालों का जवाब नहीं दिया। लेकिन उनके भोज में भाग लेने से परिवार में सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं।

तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मकर संक्रांति के मौके पर सभी लोगों को हमने न्यौता दिया। सभी लोग आए हैं। कुछ लोग रास्ते में होंगे जो आ रहे होंगे।" इस दौरान एक सवाल पर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए ANI से कहा, "..RJD का JJD में विलय होगा...।" हालांकि, इसके बारे में उन्होंने कुछ डिटेल्स में नहीं बताया।


लालू प्रसाद ने मई 2025 में तेज प्रताप को RJD से निष्कासित करते हुए कहा था कि उनसे अब परिवार का कोई लेना-देना नहीं रहेगा। उन्होंने अपने बड़े बेटे के आचरण की आलोचना करते हुए उसे गैर-जिम्मेदाराना करार दिया था। साथ ही कहा था कि यह उनके परिवार के मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

यह निष्कासन उस घोषणा के एक दिन बाद हुआ था, जब तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि वह 12 वर्षों से एक महिला के साथ रिश्ते में हैं। जबकि वह पहले से ही विवाहित हैं। उनका तलाक का मामला अभी पारिवारिक अदालत में लंबित है।

हालांकि, कुछ ही घंटों बाद तेज प्रताप ने यह पोस्ट हटा दी थी। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर कहा था कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था। विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल का गठन करके कई सीट पर उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन सभी की जमानत जब्त हो गई।

विजय कुमार सिन्हा भी हुए शामिल

तेज प्रताप के घर आयोजित भोज में लालू प्रसाद के अलावा बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य मंत्री जनता दल-यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता रत्नेश सदा द्वारा आयोजित भोज में शामिल हुए।

जब डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा से लालू प्रसाद के तेज प्रताप के घर जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "आखिर वे एक परिवार हैं। त्योहार के मौके पर जब लोग मतभेद भूल जाते हैं, तो वे साथ न हों, ऐसा कैसे हो सकता है?"

सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं उन्हें सलाह दूंगा कि विदेश यात्राओं पर कम समय बिताएं।" तेजस्वी के एक महीने से अधिक समय तक बाहर रहने के बाद राज्य में लौटेने के संदर्भ में उन्होंने यह टिप्पणी की। तेजस्वी अपने बड़े भाई के भोज में भी नहीं पहुंचे।

ये भी पढ़ें- Delhi Pollution: 'दिल्ली बैडमिंटन के लिए ठीक नहीं...'; प्रदूषण के कारण 'इंडिया ओपन' के लिए भारत नहीं आए शटलर एंटोनसन, लगा भारी जुर्माना

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।