Telangana Crime News: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रेप और पॉक्सो (POCSO) मामले में जमानत पर बाहर आए एक 35 वर्षीय आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, दो मासूम बेटों और उस 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या कर दी, जिसने उसके खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने किशोरी की मां और नानी की भी हत्या कर दी। इस तरह एक ही रात में छह लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने पिता और अन्य परिजनों को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों के लोगों की हत्या कर दी है। पुलिस के अनुसार, पी. राजकुमार ने शुक्रवार रात शाबाद मंडल के अलग-अलग इलाकों में पहले शिकायतकर्ता परिवार की नाबालिग लड़की, उसकी मां एवं नानी की हत्या कर दी।
इसके बाद अपनी पत्नी एवं अपने दो बच्चों की भी हत्या कर दी। राजकुमार के खिलाफ इस साल मई में नाबालिग लड़की का पीछा करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह शिकायत पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी।
अग्रिम जमानत पर बाहर आया था आरोपी
राजकुमार को हाल में इस मामले में अग्रिम जमानत मिली थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हंसिये और चाकू से पीड़ितों पर वार किया तथा उनके गले काट दिए। आरोपी ने हत्या करने के तुरंत बाद अपने पिता को फोन कर अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद आरोपी के माता-पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। राजकुमार वारदात के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि हत्याओं के सही कारण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस को संदेह है कि आरोपी नाबालिग लड़की से गहरी रंजिश रखता था। लेकिन इसका अभी पता नहीं चल पाया है कि उसने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या क्यों की। इन हत्याओं के संबंध में दो मामले दर्ज किए गए हैं।
आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित
फ्यूचर सिटी के पुलिस प्रमुख तरुण जोशी ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं और कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजकुमार और पार्वती सरिता ने साल 2018 में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कुछ समय तक गांव से बाहर रहे। बाद में शाबाद तथा देवलागुडा स्थित अपने घरों में रहने लगे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इन हत्याओं का सीधा संबंध आरोपी के खिलाफ दर्ज पॉक्सो (POCSO) एक्ट के मामले से है।
वारदात के बाद परिवार को किया फोन, दी सुसाइड की धमकी
सामूहिक हत्याकांड को अंजाम देने के बाद राजकुमार ने कथित तौर पर अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को फोन किया और बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, उसने भागने से पहले आत्महत्या करने की बात भी कही थी।
फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने न्यूज 18 को बताया, "प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी ने रात के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर इन हत्याओं को अंजाम दिया। वारदात के बाद उसने अपने पिता को फोन कर अपना जुर्म कबूल किया था।"