Thar Accident: दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार थार ने दो पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और एसयूवी को जब्त कर लिया है।
यह हादसा चाणक्यपुरी के 11 मूर्ति रोड पर हुआ, जो राष्ट्रपति भवन से महज दो किलोमीटर की दूरी पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के बाद मृत व्यक्ति का शव कई घंटों तक सड़क पर पड़ा रहा, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर उसे वहां से हटाया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाड़ी से बरामद हुई शराब की बोतल
वायरल वीडियो में थार के अगले बाएं हिस्से में काफी नुकसान दिख रहा है, जिससे दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने 26 वर्षीय ड्राइवर को तुरंत हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं और फोरेंसिक टीमें अधिक सुराग जुटाने के लिए काम कर रही है। हालांकि, ड्राइवर का कहना है कि यह गाड़ी उसके दोस्त की है और उसने नींद आने के कारण अपना संतुलन खो दिया था। पुलिस उसके बयान की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह शराब के नशे में था।
बता दें कि यह महिंद्रा थार Roxx उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रजिस्टर्ड है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।