IMD Heavy Rain Alert: आईएमडी ने बिहार समेत इन 20+ राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया, 2 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून की रफ्तार तेज होने के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। IMD ने बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत समेत देश के 20 से अधिक राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

अपडेटेड Jun 26, 2026 पर 2:47 PM
बिहार, यूपी, दिल्ली समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

IMD Heavy Rain Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून की रफ्तार तेज होने के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत समेत देश के 20 से अधिक राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा वीकली वेदर बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3 से 4 दिनों में यह देश के कई अन्य हिस्सों को कवर कर लेगा। आईएमडी ने 26 जून से 2 जुलाई तक के मौसम के लिए विस्तृत राज्यवार पूर्वानुमान जारी किया है।

मानसून की स्थिति: अगले 3-4 दिनों में इन राज्यों में बढ़ेगा आगे

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 जून को मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) सूरत, इंदौर, मांडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसके तहत मानसून अगले कुछ दिनों में उत्तरी अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और इलाकों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए सभी हिस्सों, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ नए इलाकों में दस्तक दे सकता है।


पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: असम, बिहार और बंगाल में बेहद भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक इस समय पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते इन क्षेत्रों में अगले एक हफ्ते के दौरान 7 से 20 सेमी तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

बिहार: बिहार में 26-27 जून और 29-30 जून को भारी बारिश की संभावना है। वहीं 28 जून को बिहार में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 26 जून को राज्य में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ थंडरस्कॉल का अलर्ट है। 2 जुलाई तक यहां रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: इन इलाकों में 27 से 29 जून के बीच बेहद भारी होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा 26 और 30 जून को भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

झारखंड और ओडिशा: झारखंड में 26-27 जून को 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है जबकि 28 जून से 2 जुलाई के बीच व्यापक रूप से बारिश होगी। ओडिशा में 26 से 30 जून के बीच भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है।

असम, मेघालय और पूर्वोत्तर: असम और मेघालय में 27 जून से 1 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 28-29 जून को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 30 जून तक लगातार भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली-NCR, यूपी और पंजाब में कब बरसेंगे बदरा?

उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा और उसके आसपास सक्रिय है। साथ ही उत्तरी पंजाब पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश: पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 से 30 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश होगी लेकिन 1 और 2 जुलाई को यहां व्यापक रूप से भारी बारिश का दौर शुरू होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 जून से 2 जुलाई के बीच मानसून की सक्रियता बढ़ेगी और 30 जून से 2 जुलाई के दौरान आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब: इन राज्यों में 26 जून से 2 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 26-27 जून और फिर 1-2 जुलाई को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: उत्तराखंड में 30 जून से 2 जुलाई और हिमाचल प्रदेश में 1-2 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पहाड़ों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

राजस्थान: पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 26 जून से 2 जुलाई के बीच आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

मध्य और पश्चिमी भारत: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र का कैसा रहेगा हाल?

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में 27 जून से 2 जुलाई के बीच मानसूनी बारिश रफ्तार पकड़ेगी। यहां 27 से 29 जून के दौरान भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी) में 26 से 30 जून के बीच 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।

महाराष्ट्र (विदर्भ, कोंकण और गोवा): विदर्भ में 28-29 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। कोंकण और गोवा में 26-28 जून और फिर 1-2 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र में 28-29 जून और मराठवाड़ा में 26 जून को भारी बारिश हो सकती है।

गुजरात क्षेत्र: उत्तरी गुजरात और सौराष्ट्र के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके प्रभाव से 26 जून से 2 जुलाई के बीच गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

दक्षिण भारत: केरल, कर्नाटक और तेलंगाना का कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिण प्रायद्वीप में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसमें तटीय आंध्र प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र तक फैली एक ट्रफ लाइन शामिल है।

केरल और कर्नाटक: तटीय कर्नाटक और केरल में 26 जून से 2 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होगी। केरल में 29 और 30 जून को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 30 जून से 2 जुलाई के बीच भारी बारिश की उम्मीद है।

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश: तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में 26 जून से 2 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

तमिलनाडु और पुडुचेरी: यहां 26 से 29 जून के बीच भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

Heat Wave Alert: यूपी में भीषण लू और ओडिशा में उमस की चेतावनी

एक तरफ जहां देश के बड़े हिस्से में बारिश का अलर्ट है वहीं कुछ राज्यों को अभी दो से तीन दिन भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

उत्तर प्रदेश: मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश (विशेषकर पूर्वी यूपी) में 26 से 28 जून के बीच लू की स्थिति बनी रहेगी। इनमें से 26 और 27 जून को कुछ पॉकेट्स में गंभीर लू का प्रकोप देखा जा सकता है, जिसके बाद तापमान में गिरावट आएगी।

ओडिशा: ओडिशा में 26 और 27 जून को मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है।

तापमान का पूर्वानुमान: मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और मध्य भारत के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद धीरे-धीरे गिरावट आएगी। देश के बाकी हिस्सों में 2 जुलाई तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें: Delhi NCR Monsoon Watch: दिल्ली में मानसून एंट्री की नई डेट IMD ने बताई, 30 जून के भी पार जाएगा! जाने कब होगी मानसूनी बारिश की शुरुआत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।