India Weather Today (25 जून 2026): देश के मौसम में इस समय बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के मौसम को लेकर एक बड़ा और व्यापक अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्तमान में इसकी उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून के उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष इलाकों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इस मानसूनी सक्रियता और अलग-अलग राज्यों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) के कारण आज दो दर्जन से अधिक राज्यों में भारी बारिश और 19 से अधिक राज्यों या उप-मंडलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
