Kolkata Rain Alert: शुक्रवार को कोलकाता और आस-पास के इलाकों में बारिश होने के बीच IMD ने 20 सितंबर तक दक्षिण बंगाल में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद यह अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ेगा।
कोलकाता और आस-पास के इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान देखा गया। IMD ने शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने और शनिवार सुबह तक एक-दो बार बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने कहा कि दक्षिण बंगाल के ज़िलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
गुरुवार को शहर के पास साल्ट लेक में भारी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक जाम के कारण घर लौट रहे लोगों को परेशानी हुई। हालांकि शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा के कारण राज्य सरकार की छुट्टी थी, इसलिए सड़कों पर जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।
IMD ने शनिवार तक उत्तरी बंगाल के जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है, साथ ही दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है। IMD ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश अलीपुरद्वार में (105 मिमी) दर्ज की गई।
IMD के आंकड़ों के अनुसार साल्ट लेक में 69 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस दौरान राज्य के अन्य जिन इलाकों में अच्छी-खासी बारिश हुई, उनमें जलपाईगुड़ी (51 मिमी), डायमंड हार्बर (50 मिमी), बर्धमान (45 मिमी) और दार्जिलिंग (41 मिमी) शामिल हैं।