Delhi Weather Today: दिल्ली में आज यानी 6 जून को तापमान में गिरावट जारी रहने के कारण बारिश होने की संभावना है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रहेगी क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में लू फिर से लौटने वाली है। तापमान एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।
IMD के मुताबिक, दिल्ली के कुछ हिस्सों में आज गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
वहीं, दोपहर के समय 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मैदानी इलाकों में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम की वजह से दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ आंधी, बिजली गिरने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
दो-तीन दिनों की बारिश और ठंडे मौसम के बाद, अगले हफ्ते से दिल्ली में जून की तेज गर्मी वापस लौटने की संभावना है, क्योंकि पारा एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा और उसके बाद इसमें और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
वहीं, मौसम विभाग ने अगले हफ्ते के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन इसमें बदलाव की संभावना है। इसके अलावा, IMD ने अगले सप्ताह "दिन के समय तेज सतही हवाओं" का पूर्वानुमान लगाया है।
मौसम विभाग ने आने वाले शुक्रवार के लिए पूर्वानुमान जारी किया है, "आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के साथ गरज, बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम या रात के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।"