IMD Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 9 मई 2026 के लिए देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। आज पूर्वी भारत के राज्यों, विशेषकर बिहार में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है, जहां 80 किमी/घंटा की रफ्तार से 'थंडरस्क्वॉल' (भीषण तूफान) आने की आशंका है। वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के राज्यों में भी आंधी-बारिश का अलर्ट है।
देखिए IMD ने देश के किन इलाकों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया
यहां नीचे आज के मौसम का विस्तृत और राज्यवार पूर्वानुमान दिया गया है:
बिहार, बंगाल और झारखंड: 80kmph की रफ्तार वाला 'थंडरस्क्वॉल'
पूर्वी भारत के लिए आज का दिन काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। आज बिहार के अलग-अलग हिस्सों में 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग ने यहां 'थंडरस्क्वॉल' और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और मध्य भारत: धूल भरी आंधी का अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश में आज आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ और विदर्भ (महाराष्ट्र) में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।
दक्षिण भारत: केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों में आज 'हैवी रेन' का अलर्ट जारी किया गया है। रल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी आज भारी बारिश की संभावना है। केरल तट के पास 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के कारण समुद्र में हलचल रहेगी।
10 मई से फिर बदलेगा मौसम: पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक
मौसम विभाग ने बताया है कि 10 मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करना शुरू करेगा। इसके चलते 11 से 14 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का एक और नया दौर शुरू होगा। इस दौरान पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि और मैदानी इलाकों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है।
बारिश और तूफान के बीच कुछ राज्यों में सूरज के तेवर भी तीखे रहेंगे। पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले 7 दिनों तक लू चलने की संभावना है। गुजरात के अन्य हिस्सों में भी 14 मई तक लू का प्रकोप रहेगा। कोंकण और गोवा में अगले 24-48 घंटों तक गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करेगा। उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों के दौरान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।