BRICS Summit traffic advisory: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आखिरी दिन रविवार (13 सितंबर) के लिए एक डिटेल्स एडवाइजरी जारी की है। इसमें 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन किए जाने और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित किए जाने की घोषणा की है। प्रगति मैदान स्थित 'भारत मंडपम' में आयोजित तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन के आखिरी दिन रविवार को ये पाबंदियां सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेंगी।
इस बीच, 13 सितंबर 2026 को होने वाली NDA/CDS परीक्षा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने परीक्षार्थियों और एग्जाम सेंटरों से जुड़े अधिकारियों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने उम्मीदवारों से समय से घर से निकलने और अपने परीक्षा केंद्र का रास्ता पहले से जांच लेने की अपील की है।
आज इन रास्तों से बचें, पूरे दिन रहेंगे बंद!
मध्य और दक्षिण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कें इससे प्रभावित होंगी। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, 30 जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति रूट, पंचशील रूट, कमाल अतातुर्क रूट, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो रूट और लाला लाजपत राय रूट शामिल हैं।
डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर ट्रैफिक कंट्रोल किया जाएगा। पूर्वी और दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को बहादुर शाह जफर मार्ग और इंद्रप्रस्थ रूट से भेजा जाएगा। जबकि नई दिल्ली और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को सिकंदरा रोड से भेजा जाएगा। राम चरण अग्रवाल चौक से डब्ल्यू-पॉइंट की ओर कमर्शियल गाड़ियों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को उनके मंजिल के अनुसार इंद्रप्रस्थ मार्ग, दीनदयाल उपाध्याय रूट या बहादुर शाह जफर मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
कनॉट प्लेस, पटेल चौक और राम मनोहर लोहिया (RLM) अस्पताल के आसपास भी ट्रैफिक संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी। कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल से कस्तूरबा गांधी रूट और जनपथ के रास्ते सी-हेक्सागन की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रूट्स से भेजा जाएगा। दक्षिण दिल्ली में लोधी रोड के आसपास कई स्थानों पर पाबंदियां लगाई जाएंगी। इनमें लोधी रोड के अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स मूलर मार्ग, महर्षि रमण मार्ग और आर्कबिशप मकारियस मार्ग के साथ बने चौराहे शामिल हैं।
मथुरा रोड से भारत मंडपम की ओर आने वाले वाहनों को लोधी और ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थानों से मोड़ा जाएगा। वाहनों को लोधी रोड, नीला गुंबद और अन्य संपर्क मार्गों की ओर भेजा जाएगा, जबकि ओबेरॉय होटल और गोल्फ लिंक जाने वाले वाहनों को निर्धारित स्थान तक जाने की अनुमति होगी।
एजवाइजरी में दिल्ली रेलवे स्टेशन का भी जिक्र
एडवाइजरी में नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रूट्स भी बताए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की विशेष रूप से सलाह दी है। मेट्रो के सभी स्टेशन पर सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। जबकि VVIP की आवाजाही के दौरान बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं। टैक्सी और ऑटोरिक्शा को निर्धारित स्थानों को छोड़कर सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
इमरजेंसी और मेडिकल सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें दिल्ली में बिना किसी बाधा के आने-जाने दिया जाएगा। आवश्यक सेवाओं और जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े कार्यों पर कोई रोक नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (ISBT) की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है।