सूरत में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बसों की टक्कर के बाद लगी आग, 7 की मौत, 40 घायल

Surat Bus Accident: गुजरात के सूरत जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। बारडोली कस्बे के पास मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई।

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 8:56 AM
सूरत में दो बसों की टक्कर के बाद लगी आग, 7 की मौत

Surat Bus Accident: गुजरात के सूरत जिले के बारडोली कस्बे के पास मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी मृतक उसी बस में सवार थे, जिसमें आग लगी थी।

अधिकारियों ने आगे बताया कि यह घटना NH-53 पर उवा गांव के पास हुई। यह सड़क महाराष्ट्र को गुजरात से जोड़ती है।

SP ने दी घटना की जानकारी


सूरत जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश घड़िया ने बताया कि एक बस सूरत से धुले जा रही थी, जबकि दूसरी बस महाराष्ट्र के चालीसगांव से सूरत की ओर आ रही थी।

उन्होंने कहा, "बारडोली से व्यारा जाने वाले हाईवे पर महाराष्ट्र की ओर जा रही बस पहले एक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ चली गई और सामने से आ रही बस से भिड़ गई। इस टक्कर के कारण एक बस पलटकर सड़क किनारे नीचे की ओर जा गिरी और उसमें आग लग गई।"

घड़िया ने कहा कि पुलिस, दमकल विभाग और सूरत तथा पड़ोसी तापी जिले के अधिकारियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

SP ने आगे बताया की “हमने बस में फंसे कई यात्रियों को बचाया और घायलों को बरदोली अस्पताल पहुंचाया। दोनों बसों में सवार लगभग 40 लोग घायल हुए, जबकि सात लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक उस बस में सवार थे जिसमें आग लगी थी।”

मंत्री प्रताप सरनाइक ने किया आर्थिक सहायता देने का ऐलान

वहीं, मुंबई में महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने इस बस हादसे को "बेहद दुखद और दर्दनाक" बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

उन्होंने अधिकारियों को घायल यात्रियों के लिए निःशुल्क और सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एक बयान के अनुसार, MSRTC अध्यक्ष ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों और MSRTC कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

यह भी पढ़ें: शादी का झांसा दिया, 'प्रसाद' बताकर पिलाया नशीला दूध! IITian बाबा पर महिलाओं का रेप करने का आरोप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।