Tripura Murder Case: मेघालय में हनीमून की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस बीच, मेघालय हत्याकांड के कुछ दिनों बाद पड़ोसी राज्य त्रिपुरा में एक आइसक्रीम फ्रीजर से 28 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बताया कि शख्स की हत्या लव ट्रायंगल के चलते की गई। उसका एक 20 साल की युवती से अफेयर था। जबकि, युवती का चचेरा भाई भी उससे प्यार करता था। पुलिस ने बुधवार (11 जून) को बताया कि प्रेम प्रसंग के एक मामले में 26 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। फिर उसके शव को आइसक्रीम फ्रीजर में छिपाकर रख दिया गया।
पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति का 20 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध था। जबकि दूसरी ओर युवती का चचेरा भाई भी उससे प्रेम करता था। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए झगड़े के बाद से प्रेमी कपल एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे थे। चचेरे भाई को इसकी भनक लग गई।
पुलिस ने बताया कि युवती के चचेरे भाई ने उसके प्रेमी की हत्या की साजिश रची। उसे आठ जून को पश्चिमी त्रिपुरा के दक्षिण इंदिरानगर में अपने एक रिश्तेदार के घर बुलाया। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले महिला के चचेरे भाई ने वहां मौजूद तीन अन्य लोगों की मदद से युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना के सिलसिले में युवती के चचेरे भाई के माता-पिता सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शव अगरतला से करीब 120 किलोमीटर दूर धलाई जिले के गंदाचेरा बाजार से बरामद किया गया। हत्या की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
लव ट्राएंगल के चलते हुई हत्या
पुलिस को संदेह है कि यह हत्या सरीफुल नामक महिला और मुख्य आरोपी 28 वर्षीय डॉक्टर दिबाकर साहा के बीच एक लव ट्राएंगल का नतीजा है। पीड़ित की पहचान अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन परियोजना में काम करने वाले इलेक्ट्रीशियन सरीफुल इस्लाम (28) के रूप में हुई है। वह 8 जून की शाम से लापता था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या की वजह सरीफुल नामक महिला और मुख्य आरोपी डॉ. दिबाकर साहा (28) के बीच प्रेम संबंध है।
इसमें शामिल महिला कथित तौर पर दिबाकर की चचेरी बहन है। पश्चिम त्रिपुरा जिला के पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित और महिला के बीच प्रेम संबंध है, जो दिबाकर की चचेरी बहन भी है। हत्या के पीछे लव ट्राएंगल ही मकसद लगता है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, 8 जून की शाम को दिबाकर ने कथित तौर पर सरीफुल को गिरफ्तार देने के बहाने अगरतला के दक्षिण इंद्रनगर कबरखाला इलाके में अपने एक साथी जॉयदीप दास (20) के घर बुलाया। वहां पहुंचने पर, जॉयदीप दास, अनिमेष यादव (21) और नवनीता दास (25) की मदद से दिबाकर ने सरीफुल पर घात लगाकर हमला किया। इलेक्ट्रीशियन की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसके बाद उसके शव को एक ट्रॉली बैग में पैक किया गया, जिसे दिबाकर ने दो दिन पहले ही खरीदा था।
दिबाकर के माता-पिता दीपक साहा (52) और देबिका साहा (48) अगली सुबह गंदाचेरा से अगरतला गए। उन्होंने कथित तौर पर सरीफुल के शव वाले ट्रॉली बैग को अपने गृहनगर वापस ले गए। फिर लाश को गंदाचेरा बाजार में उनकी दुकान में एक आइसक्रीम फ्रीजर के अंदर छिपा दिया गया।
कई दिनों की गहन जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार रात को सभी छह आरोपियों दिबाकर साहा, दीपक साहा, देबिका साहा, जॉयदीप दास, अनिमेष यादव और नवनीता दास को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, शव को बुधवार दोपहर गंदाचेरा फ्रीजर से बरामद किया गया।