ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान ही नहीं बल्कि उसका साथ देने वाले तुर्की से भी देश के संबंधों में काफी तल्ख हैं। इसी दौरान भारत सरकार ने तुर्की की एयरपोर्ट सेवा कंपनी सेलेबी (Celebi) की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी थी। अब करीब एक साल बाद कंपनी की चेयरपर्सन ने इस फैसले को अपने कारोबार के इतिहास का सबसे बड़ा झटका बताया है। कंपनी की चेयरपर्सन जनेस एग्जीक्यूटिव कैनन सेलेबिओग्लू ने खुलासा किया है कि, कैसे उनकी करीब 400 मिलियन डॉलर की कंपनी को भारत में रातों रात बंद कर दिया गया।
तुर्की की कंपनी को लगा था बड़ा झटका
तुर्की की कंपनी सेलेबी (Celebi) की सिक्योरिटी क्लीयरेंस, भारत द्वारा रद्द किए जाने के बाद कंपनी को बड़ा झटका लगा था। अब कंपनी की चेयरपर्सन कैनन सेलेबिओग्लू ने इसे अपनी कंपनी के इतिहास का सबसे दर्दनाक अनुभव बताया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत के इस फैसले से कंपनी को भारी नुकसान हुआ और रातों-रात उसके कारोबार की वैल्यू में करीब 50 करोड़ डॉलर की कमी आ गई। मई 2025 में, 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के दौरान भारतीय अधिकारियों ने सेलेबी की सुरक्षा मंजूरी वापस ले ली थी। इसके बाद कंपनी को भारत में अपना कारोबार बंद करना पड़ा। सेलेबी लगभग 17 वर्षों से भारत में एयरपोर्ट सेवाओं के क्षेत्र में काम कर रही थी।
भारत के 9 बड़े एयरपोर्ट पर सेवाएं देती थी कंपनी
सेलेबी अपनी भारतीय सहयोगी कंपनियों के माध्यम से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत देश के नौ प्रमुख हवाई अड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग और कार्गो सेवाएं प्रदान करती थी। कंपनी के अनुसार, भारत में कामकाज बंद होने से पहले वह हर साल करीब 58,000 उड़ानों से जुड़ी सेवाएं संभालती थी। कंपनी की चेयरपर्सन कैनन सेलेबिओग्लू ने दावा किया कि सुरक्षा मंजूरी रद्द होने के बाद कंपनी को अपना पूरा कामकाज छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि कंपनी के उपकरण और अन्य संसाधन उनके नियंत्रण से बाहर हो गए और उन्हें भारत में अपना संचालन बंद करना पड़ा।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के लगभग 10,000 कर्मचारियों को एक ही दिन में दूसरी कंपनियों के तहत काम करने के लिए स्थानांतरित कर दिया गया। सेलेबिओग्लू के मुताबिक, भारत में कई वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार और उसकी आर्थिक कीमत कुछ ही समय में समाप्त हो गई। उनका कहना है कि कंपनी ने भारत में जो बड़ा व्यवसाय खड़ा किया था, उसे अचानक खोना उनके लिए बहुत बड़ा झटका था।
भारत-तुर्की तनाव के बाद सेलेबी का कारोबार बंद
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान तुर्की की ओर से दिए गए बयानों के बाद भारत में तुर्की की कंपनी सेलेबी के लिए परिस्थितियां बदल गई थीं। इसके बाद कंपनी को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर अपनी सेवाएं बंद करनी पड़ीं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पहली बार कंपनी की प्रमुख कैनन सेलेबिओग्लू ने विस्तार से अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि भारत में कंपनी ने कई वर्षों की मेहनत से अपना कारोबार खड़ा किया था, लेकिन सुरक्षा मंजूरी रद्द होने के बाद उसे अपना संचालन बंद करना पड़ा। उनके अनुसार, इस फैसले का कंपनी के कारोबार और निवेश पर बड़ा असर पड़ा। सेलेबी भारत के कई बड़े हवाई अड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग और कार्गो सेवाएं प्रदान करती थी। कंपनी का कहना है कि भारत में उसका कारोबार बंद होना उसके लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ। हालांकि, भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए कंपनी की सुरक्षा मंजूरी वापस लेने का फैसला किया था।