ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत की जांच कर रही CBI अब मामले में घटनाक्रम को रीक्रिएट करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को उनके घर ले जाकर यह समझने की कोशिश करेगी कि ट्विशा का शव फंदे से नीचे कैसे उतारा गया था।
बताया जा रहा है कि यह प्रक्रिया उसी जगह पर होगी, जहां 12 मई की रात ट्विशा शर्मा का शव फंदे से लटका मिला था। CBI समर्थ और गिरिबाला के उन दावों की जांच करेगी, जिनमें कहा गया है कि समर्थ ने ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि गिरिबाला ने उनके गले में बंधी गांठ खोली थी।
जांच के दौरान CBI 80 किलो वजन वाले एक डमी का इस्तेमाल करेगी। समर्थ से कहा जाएगा कि वह दिखाएं कि उन्होंने शव को कैसे नीचे उतारा था, जबकि गिरिबाला से यह दिखाने को कहा जाएगा कि उन्होंने गांठ कैसे खोली थी।
इसके अलावा, एजेंसी उस बेल्ट की मजबूती की भी जांच करेगी, जिसका कथित तौर पर इस्तेमाल फांसी लगाने के लिए किया गया था। CBI यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि बेल्ट कितना वजन सह सकती थी।
गौरतलब है कि गुरुवार को CBI ने गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। इससे एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। फिलहाल गिरिबाला और समर्थ दोनों 2 जून तक CBI हिरासत में हैं।
सूत्रों के अनुसार, CBI पहले दोनों से अलग-अलग पूछताछ करेगी और फिर आमने-सामने बैठाकर उनके बयानों का मिलान करेगी, ताकि किसी भी विरोधाभास का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान गिरिबाला सिंह से ट्विशा की कथित गर्भावस्था और उनके शरीर पर मिले चोटों के निशानों को लेकर भी सवाल पूछे गए हैं।
ट्विशा शर्मा का शव भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला था। इसके बाद उनके परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
इससे पहले भी CBI समर्थ सिंह को लेकर कटारा हिल्स स्थित घर पहुंची थी, जहां दिल्ली से आई विशेषज्ञ फोरेंसिक टीम की मदद से कई घंटों तक जांच की गई। इस दौरान घर में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, सबूत जुटाने और 12 मई की रात की घटनाओं को लेकर समर्थ से पूछताछ की गई।