अब सास ने ट्विशा पर लगाए ड्रग्स लेने के गंभीर आरोप- 'नशा नहीं मिलता था, तो उसके हाथ कांपने लगते थे'!

Twisha Sharma Death News: ट्विशा की मौत के बाद उनके परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने समार्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच के लिए SIT बनाई गई

अपडेटेड May 18, 2026 पर 3:35 PM
Twisha Sharma Death: अब सास ने ट्विशा पर लगाए ड्रग्स लेने के गंभीर आरोप!

भोपाल में मृत मिली 33 साल की ट्विशा शर्मा मामले में अब नया मोड़ आ गया है। ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की ओर से दाखिल जमानत याचिका में ट्विशा पर ड्रग्स लेने के आरोप लगाए गए हैं। ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समार्थ सिंह से हुई थी। दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी।

ट्विशा की मौत के बाद उनके परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने समार्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच के लिए SIT बनाई गई।

जमानत याचिका में क्या दावे किए गए?


अब आरोपी पक्ष की तरफ से दाखिल बेल एप्लिकेशन में कई गंभीर दावे किए गए हैं। याचिका में कहा गया है कि ट्विशा कथित तौर पर ड्रग्स की आदी थीं। दावा किया गया कि जब उन्हें नशा नहीं मिलता था, तो उनके हाथ कांपने लगते थे।

इसमें यह भी कहा गया कि नोएडा में रहते हुए उन्हें “आसानी से ड्रग्स मिल जाते थे।”

एक अन्य आरोप में कहा गया कि प्रेग्नेंसी के बाद उनका व्यवहार बदल गया था। याचिका के अनुसार, 17 से 18 अप्रैल के बीच वह कुछ समय के लिए लापता भी रही थीं।

आवेदन में यह भी दावा किया गया कि 30 अप्रैल को नोएडा से लौटने के बाद उन्होंने कथित तौर पर भारी मात्रा में गांजा लिया था।

गर्भपात और मानसिक इलाज का दावा

जमानत याचिका में यह भी आरोप लगाया गया कि ट्विशा का पहले ड्रग ओवरडोज की वजह से गर्भपात हुआ था। साथ ही कहा गया कि भोपाल में उनका मानसिक इलाज चल रहा था और ससुराल वाले ही उनके इलाज का इंतजाम कर रहे थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

परिवार का दावा- ट्विशा परेशान थीं

दूसरी तरफ ट्विशा का परिवार लगातार कह रहा है कि उन्हें ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था और वह वहां से निकलना चाहती थीं।

मौत से पहले सामने आए कथित चैट मैसेज में ट्विशा ने अपनी एक दोस्ता को लिखा था- “I am trapped bro… बस तू मत फंसना।”

एक और मैसेज में उन्होंने अपनी मां से कहा था, “मुझे बहुत ज्यादा घुटन हो रही है मां।” उन्होंने अपनी मां से ये भी कहा, "इन सबको ये लगता है कि मैं ड्रग्स करती हूं, इसलिए मेरा मूड खराब रहता है। बस एक भी बार दिल में ये नहीं आ रहा है कि इनका बेटा ही मुझे छोड़ कर बैठा है। मेरा मूड इस वजह से भी खराब हो सकता है।"

परिवार का यह भी आरोप है कि प्रेग्नेंसी और गर्भपात को लेकर उन पर दबाव बनाया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बढ़े सवाल

पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई है, लेकिन शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है।

इसी बीच, ट्विशा के परिवार ने उनकी बॉडी लेने से इनकार कर दिया है। परिवार की मांग है कि मामले की गहराई से जांच और अतिरिक्त फॉरेंसिक जांच कराई जाए।

उधर, पति समार्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी है। फिलहाल वो फरार हैं।

'वो पूछ रहा है बच्चा किसका था…?' मौत से पहले ट्विशा ने मां से बताईं परेशान कर देने वाली बातें, घर ले जाने की भी लगाई थी गुहार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।