Diwali Bonus: दिवाली आते ही हर किसी के मन में एक ही सवाल गूंजता है कि “बोनस ”। ऑफिस में कहीं मिठाई के साथ लिफाफा मिलता है तो कहीं बैंक अकाउंट में चमकता है "दिवाली बोनस" का मैसेज। उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद बोनस कम मिलने पर टोल टैक्स कर्मचारियों जमकर नाराजगी जताई और टोल टैक्स के गेट ही खोल दिए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारियों ने दीपावली बोनस न मिलने से नाराज होकर सभी टोल गेट खोल दिए और धरने पर बैठ गए। इस दौरान एक्सप्रेसवे से गुजरने वाली हज़ारों गाड़ियां बिना टोल टैक्स दिए फर्राटा मारकर निकलती रहीं, जिससे कंपनी को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है।
बोनस कम मिलने पर बवाल
सूत्रों के मुताबिक, टोल का संचालन करने वाली कंपनी श्री साईं एंड दातार कंपनी और कर्मचारियों के बीच बोनस को लेकर विवाद चल रहा था। कंपनी ने कर्मचारियों को 1,100 रूपए का बोनस देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन कर्मचारियों ने इसे ठुकरा दिया। उनका कहना था कि यह राशि पिछले साल मिले बोनस से काफी कम है और उनके परिश्रम के अनुरूप नहीं है। इस विवाद के चलते कर्मचारियों ने काम रोक दिया और टोल वसूली बंद कर दी। फिलहाल स्थिति को सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।
सैलरी बढ़ाने पर बनी बात
10% सैलरी हाइक पर सहमति बनने के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली करीब दस घंटे बाद दोबारा शुरू की गई। जानकारी के अनुसार, पिछले साल कर्मचारियों को एक अन्य ठेकेदार के तहत ₹5,000 का बोनस मिला था। इस बार बोनस राशि घटाकर 1,100 कर देने से कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई थी। इसी विरोध के चलते उन्होंने टोल वसूली रोक दी थी। बाद में बातचीत के दौरान 10% वेतन वृद्धि पर सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया और टोल संचालन सामान्य कर दिया गया।
प्रदर्शन की खबर मिलते ही कंपनी के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों को शांत करने की कोशिश की। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णा जुरैल ने बताया कि कर्मचारियों से बातचीत जारी है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, रविवार सुबह 9 बजे तक टोल वसूली दोबारा शुरू नहीं हो सकी थी। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी सभी माँगें नहीं मानी जातीं, तब तक वे हड़ताल जारी रखेंगे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।